ग्वालियर। कलेक्टर के आदेश तथा आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने लश्कर क्षेत्र के लाला का बाजार में एक रिहायशी मकान पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में शराब जब्त की। कार्रवाई के दौरान विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब, बीयर, वोदका और देशी मदिरा सहित कुल 92.07 बल्क लीटर मदिरा जब्त की गई। जब्त मदिरा का अनुमानित मूल्य करीब एक लाख रुपये बताया गया है। विभिन्न ब्रांड की शराब जब्त आबकारी विभाग को मुखबिर से अवैध मदिरा के संबंध में सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने लाला का बाजार, लश्कर क्षेत्र स्थित मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज, आइकॉनोक व्हाइट, मैकडॉवेल्स नंबर-1 और बैकबेचर व्हिस्की की 12-12 बोतलें, बैगपाइपर व्हिस्की की 6 बोतलें, मैजिक मोमेंट्स वोदका की 3 बोतलें और ऑल सीजन व्हिस्की की 1 बोतल बरामद हुई। इसके अलावा ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की के 24 हाफ, किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर के 24 कैन, देशी मदिरा प्लेन के 59 पाव तथा देशी मदिरा मसाला के 15 पाव भी जब्त किए गए।
आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज
विभागीय जानकारी के अनुसार, आसपास पूछताछ और पड़ताल के दौरान मकान रामचंद्र कुकरेजा का होना सामने आया है। कार्रवाई के समय आरोपी मौके पर नहीं मिला। उसके विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।
आबकारी टीम का रहा योगदान
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक रवि सिसोदिया, हरेंद्र सिंह मावई एवं रोशनी पाटीदार सहित मुख्य आरक्षक अशोक शर्मा और प्रकाश सखावार तथा आरक्षक पंकज शर्मा, राघवेन्द्र भदौरिया, अंजली शर्मा और संजय दोहरे का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण और परिवहन के विरुद्ध अभियान के तहत कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।
