टॉप न्यूज़

"दाताबंदी छोड़ दिवस"; देशभर से किले गुरुद्वारा पर आएंगे श्रद्धालु, 3-दिवसीय दाताबंदी छोड़ दिवस 8 अक्टूबर से धूमधाम से मनेगा, कलेक्टर ने शाम को किले गुरुद्वारा पहुँचकर तैयारियों का जायजा लिया

कलेक्टर ने गुरुद्वारा प्रबंधन समिति को आश्वस्त किया कि आने वाले सभी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिये प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जायेगा

ग्वालियर।“दाताबंदी छोड़ गुरुद्वारा" किले पर दाताबंदी छोड़ दिवस का आयोजन 8, 9 व 10 अक्टूबर को धूमधाम से किया जायेगा। इस दौरान देशभर के श्रद्धालु गुरुद्वारे पर आयेंगे। आयोजन की व्यवस्थाओं के संबंध में कलेक्टर रुचिका चौहान ने बुधवार शाम को दाताबंदी छोड़ गुरुद्वारा पहुँचकर आयोजन की रूपरेखा को जाना और व्यवस्थाओं के संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 कलेक्टर रुचिका चौहान ने दाताबंदी छोड़ गुरुद्वारा पर पहुँचकर गुरुद्वारा प्रबंधक सुक्खा सिंह से भेंट की और आयोजन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से कलेक्टर का स्वागत किया गया। इस मौके पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व  नरेन्द्र बाबू यादव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

गुरुद्वारा प्रबंधकों ने बताया कि प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी दाताबंदी छोड़ दिवस का आयोजन 8, 9 व 10 अक्टूबर को किया जायेगा। इस आयोजन में न केवल प्रदेशभर के बल्कि देशभर के श्रद्धालु दाताबंदी छोड़ गुरुद्वारे पर पधारेंगे। आयोजन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में उन्होंने आग्रह भी किया। कलेक्टर चौहान ने गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के लोगों को आश्वस्त किया कि ग्वालियर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, उनके लिये प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जायेगा।