ग्वालियर। गांधी जयंती के उपलक्ष्य में नगर निगम ग्वालियर द्वारा नगर निगम आयुक्त के निर्देशन में गांधी प्राणी उद्यान में वन्यप्राणी सप्ताह-2026 का आयोजन किया जा रहा है। वन्यप्राणियों के प्रति विद्यार्थियों एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने और उनके संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से 2 से 8 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 7 अक्टूबर 2026 को गांधी प्राणी उद्यान में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को वन्यप्राणी संरक्षण एवं पर्यावरण से जुड़े चार विषय दिए गए, जिनमें से किसी एक विषय पर निबंध लिखना था। प्रतियोगिता के विषय थे ‘वन्यजीव संरक्षण का महत्व’, ‘बाघों का संरक्षण और भारत में उनकी स्थिति’, ‘वन्यजीवों पर जलवायु परिवर्तन का प्रभाव’ तथा ‘वनों की कटाई और वन्यजीवों पर इसका प्रभाव’ विषय शामिल थे।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी लेखन प्रतिभा के साथ-साथ वन्यजीवों एवं पर्यावरण के प्रति अपनी समझ के साथ ही संवेदनशीलता को भी प्रस्तुत किया। मिडिल कक्षा के विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम 200 शब्द तथा हायर सेकेंड्री एजुकेशन के छात्रों के लिए न्यूनतम 400 शब्द का निबंध लिखना अनिवार्य था। विद्यार्थियों ने निर्धारित समय में अपने विचारों को प्रभावी ढंग से निबंध के माध्यम से प्रस्तुत किया।
निबंध प्रतियोगिता में लगभग 150 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों को वन्यप्राणी संरक्षण के महत्व, जैव विविधता बनाए रखने, प्राकृतिक आवासों की रक्षा करने तथा पर्यावरण संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी डॉ. उपेन्द्र सिंह यादव, क्यूरेटर गौरव परिहार, अनुराग सिंह गुर्जर, योगेन्द्र सिंह दंडोतिया, अमित देवस्थली एवं इकरार बेग सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों को प्रारंभ से ही प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण से जोड़ना आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझ सकें।
सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं फैंसी ड्रेस के साथ गुरुवार को होगा वन्य प्राणी सप्ताह का समापन
वन्य प्राणी सप्ताह-2026 के अंतिम दिन 8 अक्टूबर 2026 को सुबह 9 बजे से गांधी प्राणी उद्यान में सांस्कृतिक कार्यक्रम, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं वन्यप्राणियों से संबंधित स्पीच कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही सप्ताह भर आयोजित विभिन्न गतिविधियों का समापन भी किया जाएगा। समापन अवसर पर सप्ताह भर में आयोजित हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।जाएंगे।
