अपना शहर

"बीड़ी श्रमिकों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति" आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी; पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए अपना आवेदन नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर जाकर कर सकते हैं

इधर कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में हुई आमजनों की सुनवाई, वही बीड़ी श्रमिकों के बच्चों को श्रम मंत्रालय द्वारा पहली कक्षा से उच्च शिक्षा तक अध्ययन करने वाले पात्र विद्यार्थियों को ₹ 1,000 से ₹ 25,000 तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है

ग्वालियर। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने बीड़ी श्रमिकों के बच्चों के लिए दी जाने वाली छात्रवृत्ति के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। मंत्रालय द्वारा पहली कक्षा से उच्च शिक्षा तक अध्ययन करने वाले पात्र विद्यार्थियों को 1,000 रुपए से 25,000 रुपए तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। बीड़ी श्रमिक परिवारों के जिन पात्र विद्यार्थियों ने अभी तक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन नहीं किया है, वे नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया 1 जून से शुरू हुई थी।

प्री-मैट्रिक (कक्षा 1 से 10 तक) छात्रवृत्ति के आवेदन की अंतिम तिथि पहले 30 सितंबर 2026 निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर अब 31 अक्टूबर 2026 कर दिया गया है। वहीं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की अंतिम तिथि पहले से ही 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। पात्र बीड़ी श्रमिक परिवारों के विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने की अपील की गई है।

कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में आमजनों की हुई सुनवाई

ग्वालियर कलेक्ट्रेट में मंगलवार को हुई जन-सुनवाई में आमजनों की समस्यायें सुनी गईं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत एवं अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने एक - एक कर सभी आवेदकों की समस्यायें सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की। कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में राजस्व, नगर निगम, बिजली, पुलिस से संबंधित समस्यायें प्राप्त हुईं। जमीन संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश सभी एसडीएम व तहसीलदारों को दिए गए हैं।

नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को तत्परता से निराकृत करने की हिदायत भी निगम  अधिकारियों को दी। जनसुनवाई में मदद की आस में पहुँचे जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम भी कराया गया।