टॉप न्यूज़

ग्वालियर में अवैध खनन और परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई; JCB और ट्रोला जब्त, आंतरी क्षेत्र के ग्राम भारस में अवैध खनन मामले में कार्रवाई कर एक JCB मशीन जब्त की

टीम ने JCB मशीन को जब्त कर थाने की अभिरक्षा में रखवाया है, इसी कड़ी में रात्रि के समय बेरजा-बिजौली टोल एवं मेहरा टोल क्षेत्र में खनिज के अवैध परिवहन की जांच की गई

ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ़ जिम्मेदारों द्वारा लगातार कार्रवाई का दावा किया जा रहा है। प्रभारी अधिकारी खनिज पंकज ध्वज मिश्रा के अनुसार विभागीय टीम ने 4 अक्टूबर को आंतरी थाना क्षेत्र के ग्राम भारस में अवैध खनन के मामले में कार्रवाई करते हुए एक JCB मशीन जब्त की है। शिकायतकर्ता से मिली सूचना के आधार पर खनिज विभाग की टीम ने ग्राम भारस में शिकायत स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर एक JCB मशीन द्वारा खनिज मुरम का अवैध खनन किया जाना पाया गया।

टीम ने JCB मशीन को जब्त कर संबंधित थाने की अभिरक्षा में रखवाया है। इसी क्रम में रात्रि के समय बेरजा-बिजौली टोल एवं मेहरा टोल क्षेत्र में खनिज के अवैध परिवहन की जांच की गई। जांच के दौरान एक ट्रोला खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए पाया गया। कार्रवाई करते हुए ट्रोला भी जब्त कर संबंधित पुलिस चौकी की अभिरक्षा में रखा गया है। जब्त किए गए दोनों वाहनों के संबंध में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही है। इस कार्रवाई में खनिज निरीक्षक रमाकांत तिवारी, होमगार्ड सैनिक मुनेत्र राणा एवं सुरजीत राणा तथा पुलिस लाइन का बल उपस्थित रहा। खनिज विभाग द्वारा अवैध खनन एवं खनिज के अवैध परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।