ग्वालियर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का कार्य फरवरी माह से प्रारंभ होगा। द्वितीय चरण में डोर-टू-डोर सर्वेक्षण के माध्यम से जनगणना का कार्य किया जायेगा। कलेक्टर रुचिका चौहान की उपस्थिति में जनगणना का दो दिवसीय प्रशिक्षण नगर निगम के बाल भवन सभागार में प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण में नगरीय निकाय से जुड़े अधिकारियों को जनगणना के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। जनगणना के दो दिवसीय प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर जनगणना निदेशालय भोपाल की उप निदेशक प्रेमा नायर, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया, अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार, प्रदीप तोमर सहित नगर निगम के जोनल अधिकारी, उनके सहायक और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने प्रशिक्षण में कहा है कि जनगणना का कार्य अति महत्वपूर्ण कार्य है। सभी अधिकारी इसे पूर्ण गंभीरता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें। द्वितीय चरण में घर- घर जाकर सर्वेक्षण का कार्य किया जायेगा। सर्वेक्षण के दौरान घरों पर जाकर सर्वेक्षण करने के साथ-साथ ऐसे लोग जो घरों में निवास नहीं करते, उनका भी सर्वेक्षण किया जायेगा। सर्वेक्षण के दौरान कोई भी व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। शहरी क्षेत्र के साथ- साथ ग्रामीण क्षेत्र में जनगणना का कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी प्रशिक्षित किया जायेगा। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना सर्वेक्षण के दौरान निर्धारित लिंक के माध्यम से भी आम नागरिक जनगणना के संबंध में जानकारी अपने घर से भेज सकेंगे।
इसके साथ ही घर-घर जाकर भी सर्वेक्षण का कार्य किया जायेगा। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य निदेशालय की उप निदेशक प्रेमा नायर ने भी जनगणना के तहत किए जाने वाले कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में सर्वेक्षण कार्य में लगे सभी जनगणना कर्मियों को अपने निर्धारित क्षेत्र में घर-घर जाकर सभी लोगों की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में एकत्र करना होगी। जनगणना के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि न हो, इसका विशेष ध्यान देना होगा।
01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़ेंगे , स्कूल और कॉलेजों में भी शिविर लगेंगे
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवक-युवतियों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिये फॉर्म-6 भरवाने का कार्य किया जायेगा। इसके लिये स्कूल और कॉलेजों में भी शिविर आयोजित किए जायेंगे।
निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव झा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बीते दिनों सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। ग्वालियर कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर रुचिका चौहान, एडीएम अनिल बनवारिया सहित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
