राजनीति

"सेवा ज्योति संकल्प यात्रा"; कृषि विवि के सभागार में हुआ विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन, विधान-सभावार सेवा ज्योति संकल्प यात्रा निकाली गई, पीएम मोदी ने किया वर्चुअली संबोधित

समारोह में सभी को संकल्प पत्र भी प्रदान किए, जिसको सभी ने दोहराया, समारोह के समापन पर अतिथियों ने मशाल प्रज्ज्वलित कर विधान-सभावार तैयार किए सेवा ज्योति संकल्प यात्रा रथ के दीपों को प्रज्ज्वलित किया

ग्वालियर।“सेवा ज्योति संकल्प यात्रा” के लिये विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन ग्वालियर जिला मुख्यालय पर कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में किया गया। समारोह में प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअली संबोधन दिया। सभी जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के उदबोधन को सुना और सेवा के संकल्प को अंगीकार किया। समारोह के बाद ग्वालियर जिले की सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों के लिये ज्योति संकल्प यात्रा को जनप्रतिनिधियों ने ज्योति प्रज्ज्वलित कर रवाना किया। सेवा ज्योति संकल्प यात्रा के तहत 7 अक्टूबर को कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश जाटव, पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया, मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन, ग्वालियर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक शर्मा, सभापति मनोज तोमर, पूर्व मंत्री इमरती देवी, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

विकसित भारत संकल्प सभा के शुभारंभ अवसर पर अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सभा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में देशभक्ति के गीतों की प्रस्तुति हुई। पीएम नरेन्द्र मोदी ने देशभर में आयोजित सेवा ज्योति संकल्प यात्रा में शामिल सभी लोगों को वर्चुअली संबोधित किया। उन्होंने राष्ट्रहित में जनसेवा के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। समारोह में सभी लोगों को संकल्प पत्र भी प्रदान किए गए, जिसको सभी ने दोहराया। समारोह के समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा मशाल प्रज्ज्वलित कर विधानसभावार तैयार किए गए सेवा ज्योति संकल्प यात्रा के दीपों को प्रज्ज्वलित किया। सभी रथ अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र के लिये रवाना हुए। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सेवा ज्योति संकल्प यात्रा शहर के प्रमुख स्थानों से होती हुई निकली। यात्रा के दौरान लोगों ने उत्साह और उमंग के साथ यात्रा में भागीदारी की।


जिले की विकास पुस्तिका का भी हुआ वितरण

सेवा ज्योति संकल्प यात्रा के तहत आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में और विधानसभावार चलाए गए रथों के माध्यम से शासन के जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार की गई जिला विकास पुस्तिका का भी वितरण किया गया। जिले की विकास पुस्तिका में विभाग द्वारा जिले में हुए विकास, नवाचार और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया है।