ग्वालियर शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और अवैध अतिक्रमण से मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़कों से अवैध दुकानों, हाथ-ठेलों और अस्थाई अतिक्रमणों को हटवाया गया। इसके साथ ही बिना अनुमति वार्ड 63 के ग्राम महू में बन रही स्थायी दुकानों को जेसीबी चलाकर तोडा गया।
मदाखलत के नोडल अधिकारी केशव सिंह चौहान ने बताया कि नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देश पर मदाखलत अमले ने किलागेट रोड, हजीरा चौराहा, चार शहर का नाका और इंटक मैदान रोड पर यातायात में बाधा बन रहे हाथ-ठेलों व सड़कों पर रखे सामान को हटवाकर व्यापारियों को हाकर्स जोन में भिजवाया गया। इसके साथ ही गेंडे वाली सड़क में पुराना लकड़ी का फर्नीचर और किवाड़ हटवाकर मार्ग साफ कराया गया। इसी प्रकार पूर्व विधानसभा स्थित दीनदयाल नगर स्थित सिंधिया स्टेच्यु चौराहे पर अवैध रूप से लगाए गए हाथ-ठेलों को जब्त कर मदाखलत कार्यालय भेजा गया और पूरे मार्ग को आवागमन के लिए क्लीयर कराया गया। जबकि दक्षिण विधानसभा स्थित महाराज बाड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सुभाष मार्केट, नजरबाग मार्केट, टोपी बाजार, छापाखाना और स्काउट सहित अन्य मुख्य मार्गों से फुटपाथियों और हाथ-ठेलों को हटाया गया। इसके अतिरिक्त नजरबाग मार्केट के भीतर संचालित चाय की गुमटी को भी हटवाया गया।
वहीं ग्रामीण विधानसभा के वार्ड क्रमांक 63 स्थित ग्राम महू के टाइगर चौक के पास निर्मित दुकानों, गोदामों और अवैध मार्केट के स्थाई अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाया गया। इस दौरान एसडीएम, पुलिस प्रशासन और नगर निगम का अमला मौके पर तैनात रहा।
लंपी से पीड़ित गायों को पहुंचाया रतवाई
नगर निगम के मदाखलत अमले ने कंट्रोल रूम पर मिली शिकायतों के आधार पर शहरभर से लंपी वायरस से ग्रस्त गौवंश को उठाकर इलाज के लिए रतवाई गौशाला स्थित आइसोलेशन सेंटर में भेजा गया। वहीं, अन्य घायल व बीमार गौवंश को बेहतर उपचार के लिए लाल टिपारा गौशाला में भर्ती कराया गया है।है।
