ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए विशेष सड़क सुधार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को और गति देने के लिए अब पेचवर्क का कार्य दो पालियों में दिन और रात किया जा रहा है। इसके लिए पेचवर्क वाहनों पर अलग-अलग पालियों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिससे सड़क सुधार कार्य की गति को बढ़ाकर अधिक से अधिक सड़कों को कम समय में गड्ढामुक्त किया जा सके।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है। पेचवर्क के नोडल अधिकारी ने बताया कि पूर्व में पेचवर्क का कार्य एक ही पाली में किया जा रहा था, लेकिन अब निगमायुक्त के निर्देश पर इसे दो पालियों में संचालित किया जा रहा है। इससे एक ही पेचवर्क वाहन का अधिकतम उपयोग करते हुए दिन के साथ-साथ रात्रि में भी सड़क सुधार कार्य किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अब तक शहर की सड़कों से लगभग 400 बड़े गड्ढों को दुरुस्त किया जा चुका है। दो पालियों में कार्य शुरू होने के बाद पेचवर्क कार्य की क्षमता और गति में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा शेष चिन्हित गड्ढों को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दुरुस्त किया जाएगा। नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने अधिकारियों को सड़क सुधार कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा चिन्हित गड्ढों को प्राथमिकता से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के बाद सड़क पर उत्पन्न हुई समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जा सके।
प्रमुख मार्गों पर हुआ सड़क सुधार
नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख एवं व्यस्त मार्गों को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न क्षेत्रों में पेचवर्क कराया जा चुका है। अभियान के अंतर्गत चेतकपुरी रोड से विक्टोरिया मार्केट, बेटी बचाओ रोड, शान-शौकत क्षेत्र, न्यू पड़ाव पुल से नदी गेट, आकाशवाणी चौराहा, जयेंद्रगंज रोड, ब्रिगेडियर चौराहा से सूर्य मंदिर, सिटी सेंटर रोड, रामदास घाटी, यूनिपैच फैक्ट्री क्षेत्र, हनुमान चौराहा से जीवाजीगंज, पटेल नगर, लकड़खाना से रॉक्सी पुल, लकड़खाना से माधोगंज थाना, माधोगंज, विजयनगर, आमखो सहित शहर के अनेक क्षेत्रों में सड़क सुधार एवं पेचवर्क कार्य किया गया है।
प्राथमिकता के आधार पर जारी रहेगा अभियान
निगम अधिकारियों के अनुसार सड़क सुधार कार्यों को सड़क की स्थिति, गड्डों की गंभीरता, यातायात का दबाव और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। विशेष रूप से प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौराहों और ऐसे स्थानों पर जहां गड्डों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, वहां पेचवर्क को प्राथमिकता दी जा रही है। दो पालियों में पेचवर्क शुरू होने से एक ओर जहां सड़क सुधार कार्य तेजी से पूरा होगा, वहीं दूसरी ओर दिन के समय अत्यधिक यातायात वाले मार्गों पर कार्य के कारण होने वाली असुविधा को भी कम किया जा सकेगा। निगम का प्रयास है कि शहर की अधिक से अधिक सड़कों को शीघ्र गड्ढामुक्त कर नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।जाए।
