ग्वालियर। “सेवा ज्योति संकल्प यात्रा” जिला मुख्यालय से जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पहुँचेगी। जिला स्तर पर विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 7 अक्टूबर को सुबह 9.45 बजे वर्चुअली संबोधित करेंगे। जिला स्तर पर “सेवा ज्योति संकल्प यात्रा” पूरी भव्यता और गरिमा के साथ आयोजित हो। इस यात्रा में समाज के सभी वर्ग बढ़चढ़कर भागीदारी करें। सभी व्यवस्थायें समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मंगलवार को गूगल मीट के माध्यम से “सेवा ज्योति संकल्प यात्रा” की तैयारियों की समीक्षा करते हुए यह बात कही।
“सेवा ज्योति संकल्प यात्रा” का जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन 7 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से ग्वालियर में कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में होगा। समारोह में प्रदेश के मंत्रिगण, सांसद, विधायक जिला पंचायत अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि एवं समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य नागरिक उपस्थित होंगे। समारोह के बाद जिला स्तरीय ज्योति से विकासखंड स्तर के लिये तैयार किए गए रथों की ज्योति को प्रज्ज्वलित किया जायेगा। इसके पश्चात विधानसभावार रथ अपनी-अपनी विधानसभा के लिये रवाना होंगे। सभी विधानसभा में भी रथ उत्साह और उमंग के साथ भ्रमण करेगा।
“सेवा ज्योति संकल्प यात्रा” की तैयारियों के लिये वर्चुअली आयोजित समीक्षा बैठक में प्रदेश के उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह, विधायक भितरवार मोहन सिंह राठौर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत सहित जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इसके साथ ही संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, प्रभारी आईजी असित यादव, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, जिपं के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत सहित विभागीय अधिकारी भी शामिल हुए।
प्रभारी मंत्री सिलावट ने मंत्रिगण, सांसद एवं सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि सेवा ज्योति संकल्प यात्रा का आयोजन पूरी गरिमा और भव्यता के साथ जिले में आयोजित हो। जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ विधानसभाओं में जाने वाली यात्रा के साथ समाज के सभी वर्ग जुड़ें। जिला स्तर पर आयोजित समारोह में सामाजिक, साहित्यकि, धार्मिक, खेलकूद के साथ-साथ समाज के सभी वर्ग शामिल हों, इस पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को भी कहा है कि कार्यक्रम को पूरी भव्या के साथ आयोजित किया जाए। इसके लिये सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। समारोह में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके साथ ही सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं यातायात व्यवस्था के भी पुख्ता प्रबंधन किए जाएं। जिला स्तरीय समारोह में देशभक्ति के गीतों का गायन भी होगा।
ऊर्जा मंत्री तोमर, क्षेत्रीय सांसद, भाजपा जिला अध्यक्ष ने जिला स्तर पर सेवा संकल्प ज्योति यात्रा की तैयारियों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिले में यात्रा का आयोजन पूरी भव्यता और गरिमा के साथ होगा। कलेक्टर ने प्रभारी मंत्री सिलावट को बताया कि जिला स्तर पर आयोजित समारोह के साथ-साथ हर विधानसभा स्तर पर जाने वाली ज्योति कलश यात्रा के लिये सभी प्रबंधन कर लिए गए हैं। जिले में पूरी भव्यता के साथ आयोजन किया जायेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिंह ने भी बताया कि यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की भी सभी तैयारियां कर ली गई हैं।
