अपना शहर

"शहर की सड़कों पर अब दिखेगी LED-चमक"; सौंदर्यीकरण के साथ बढ़ेगी सुरक्षा, नगर निगम सड़कों पर लगाएगा प्लास्टिक LED कर्ब स्टोन

सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ग्वालियर द्वारा विशेष पहल की जा रही है, शहर के प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आधुनिक LED कर्ब स्टोन लगाए जा रहे हैं

नगर निगम की इस पहल से ग्वालियर में स्मार्ट एवं आधुनिक शहरी अधोसंरचना को बढ़ावा मिलेगा तथा आने वाले समय में आवश्यकता के अनुसार अन्य प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर भी इस प्रकार की आधुनिक प्रकाश व्यवस्था को विस्तार दिया जा सकेगा

ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशानुसार शहर के सौंदर्यीकरण एवं सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ग्वालियर द्वारा विशेष पहल की जा रही है। 

सहायक सिटी प्लानर अमित गुप्ता ने बताया कि शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आधुनिक प्लास्टिक LED कर्ब स्टोन लगाए जा रहे हैं। यह पहल शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ रात्रि के समय वाहन चालकों एवं पैदल राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी उपयोगी साबित होगी।

नगर निगम द्वारा लगाए जा रहे LED  कर्ब स्टोन (Hydrose) की लंबाई लगभग 500 मिलीमीटर (0.5 मीटर), चौड़ाई 150 मिलीमीटर तथा ऊंचाई 200 मिलीमीटर है। ये  IP67 रेटिंग से युक्त हैं, जिससे मौसम एवं पानी के प्रभाव से इनके सुरक्षित रहने की क्षमता बेहतर होती है। रात के समय इनकी LED रोशनी सड़क के किनारों और कर्ब की स्पष्ट पहचान कराने में मदद करेगी।

नगर निगम की इस पहल से ग्वालियर में स्मार्ट एवं आधुनिक शहरी अधोसंरचना को बढ़ावा मिलेगा तथा आने वाले समय में आवश्यकता के अनुसार अन्य प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर भी इस प्रकार की आधुनिक प्रकाश व्यवस्था को विस्तार दिया जा सकेगा।

रात में सड़क किनारों की बढ़ेगी दृश्यता

सहायक सिटी प्लानर  अमित गुप्ता ने बताया कि LED कर्ब स्टोन का प्रमुख उद्देश्य रात के समय सड़कों की दृश्यता बढ़ाना है। विशेष रूप से ऐसे मार्ग, जहां पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की सुविधा नहीं है अथवा सड़क के किनारे स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते, वहां ये कर्ब स्टोन वाहन चालकों को सड़क की सीमा एवं दिशा का संकेत देने में सहायक होंगे।

इन LED कर्ब स्टोन में आवश्यकता के अनुसार डायनामिक रंग परिवर्तन की सुविधा का भी उपयोग किया जा सकता है। उदाहरण के लिए ट्रैफिक सिग्नल के अनुरूप लाल रंग के माध्यम से वाहन चालकों को चेतावनी देने तथा विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग रंगों के माध्यम से मार्ग, दिशा अथवा प्रतिबंधों की जानकारी देने में इनका उपयोग किया जा सकता है।

साइकिल ट्रैक, बस लेन और पार्किंग क्षेत्र में भी उपयोगी

नगर निगम की इस पहल के अंतर्गत LED कर्ब स्टोन का उपयोग केवल सड़क किनारों तक सीमित नहीं रहेगा। इनका उपयोग साइकिल ट्रैक, बस लेन, ट्रैफिक आइलैंड, पार्किंग क्षेत्र, सार्वजनिक पार्क एवं प्लाजा जैसे स्थानों पर भी किया जा सकता है।

साइकिल ट्रैक एवं बस लेन को मुख्य यातायात मार्ग से स्पष्ट रूप से अलग दिखाने में इनकी रोशनी उपयोगी होगी। वहीं पार्किंग क्षेत्रों में कलर-कोडेड LED लाइटिंग के माध्यम से पार्किंग की दिशा, उपलब्ध स्थान तथा अन्य आवश्यक संकेतों को अधिक प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जा सकेगा।

शहर की सुंदरता के साथ सुरक्षा पर भी जोर

नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शहर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों में आधुनिक तकनीक के साथ-साथ नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाए। इसी क्रम में LED कर्ब स्टोन की पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पारंपरिक कंक्रीट कर्ब स्टोन की तुलना में LED कर्ब स्टोन आधुनिक एवं आकर्षक दिखाई देते हैं। रात के समय इनसे निकलने वाली रोशनी शहर के प्रमुख मार्गों, पार्किंग क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों को बेहतर दृश्यता प्रदान करने के साथ-साथ शहरी सौंदर्यीकरण को भी नया रूप देगी।