अपना शहर

वायुसेना मैराथन में नगर निगम ग्वालियर के स्वास्थ्य अमले ने फहराया परचम: 5 किमी दौड़ में जीता ब्रॉन्ज मेडल, 'स्वच्छता की उड़ान' और स्वस्थ जीवनशैली का प्रभावी संदेश दिया

नगर निगम की टीम ने वायुसेना मैराथन की 5 Km श्रेणी की स्पर्धा में सहभागिता की, निगम अमले की इस सफलता से नगर निगम परिवार में हर्ष का माहौल है

ग्वालियर। भारतीय वायुसेना द्वारा आयोजित मैराथन दौड़ में नगर पालिक निगम ग्वालियर के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अर्जित किया। प्रतिभागियों ने इस खेल स्पर्धा के माध्यम से नगर में 'स्वच्छता की उड़ान' और स्वस्थ जीवनशैली का प्रभावी संदेश प्रसारित किया।

​स्वास्थ्य अधिकारी (पूर्व विधानसभा) भीष्म कुमार पम्नानी के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने वायुसेना मैराथन की 5 किलोमीटर श्रेणी की स्पर्धा में सहभागिता की। इस स्पर्धा में सहायक स्वास्थ्य अधिकारी दीपांशु करोसिया, वार्ड हेल्थ ऑफिसर आबिद खान एवं वार्ड हेल्थ ऑफिसर सहायक सुभाष ने अनुशासित एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।  

​इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म कुमार पम्नानी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम के सदस्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक और मैदानी दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ खेलकूद व फिटनेस गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी अधिकारियों व कर्मचारियों में ऊर्जा और नई प्रेरणा का संचार करती है। निगम अमले की इस सफलता से नगर निगम परिवार में हर्ष का वातावरण है।है।