ग्वालियर। ‘सेवा-संकल्प’ अभियान के तहत वार्ड-38 में आंगनवाड़ी केंद्र गोल पहाड़िया क्रमांक-5 पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन के साथ हुआ। कार्यक्रम में महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री अंजलि रायजयादा, मंडल अध्यक्ष पूनम गंगोटिया और जिला महामंत्री जवाहर प्रजापति उपस्थित रहे। महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री अंजलि रायजयादा का स्वागत जिला कार्यक्रम अधिकारी उपासना राय ने किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों, माताओं एवं अभिभावकों को एकत्रित कर पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं बाल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। बच्चों के लिए विभिन्न रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे उनमें सीखने की रुचि और सहभागिता को बढ़ावा मिला।
पर्यवेक्षक कुसुम तोमर ने गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा अभिभावकों को बच्चों के संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक देखभाल के संबंध में जागरूक किया। महिला मोर्चा की अंजलि रायजयादा ने समुदाय के लोगों से आंगनवाड़ी केंद्र की सेवाओं से जुड़ने तथा बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही वार्ड 38 की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सुनीता मौर्य, रजनी, ममता परिहार, मालती माला शर्मा एवं भगवती पाल तथा वार्ड 38 की सभी सहायिकाओं को पुष्पहार एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
आंगनवाड़ी और समुदाय के बीच संवाद एवं सहभागिता को मजबूत करने का प्रयास
‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्र और समुदाय के बीच संवाद एवं सहभागिता को मजबूत करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बच्चों के पोषण एवं विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पोषण प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों को शामिल किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं स्थानीय समुदाय का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
