ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशानुसार एवं अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के निर्देशन में शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को स्वच्छता टास्क फोर्स (एसटीएफ) द्वारा वार्ड क्रमांक 20 स्थित गोवर्धन कॉलोनी में भैंस पालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई है।
स्वच्छता टास्क फोर्स के प्रभारी सोनू दौदेरिया ने बताया कि स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पमनानी के निर्देशन में कार्रवाई के दौरान भैंस पालकों द्वारा इधर-उधर गोबर एवं गंदगी फैलाए जाने पर कुल 13 हजार 200 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई है। इस दौरान संबंधित भैंस पालकों को समझाइश भी दी गई कि वे सार्वजनिक स्थानों, सड़कों एवं आसपास के क्षेत्रों में गोबर अथवा अन्य प्रकार की गंदगी न फैलाएं तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।
कार्रवाई में जोनल स्वास्थ्य अधिकारी, वार्ड स्वास्थ्य अधिकारी अजीत धवल सहित एसटीएफ टीम के भीकाराम, मनोज भारती, नंदेश करोसिया, धीरज धौलपुरिया एवं प्रदीप चौहान का सहयोग रहा।
शराब के दुकान संचालकों ने सड़क पर फैलाई गंदगी: निगम की टीम ने वसूला जुर्माना, गुड़ी-गुड़ा का नाका पर की गई कार्रवाई
ग्वालियर शहर स्वच्छ व साफ रहे इसलिए गंदगी फैलाने वालों, अमानक पॉलीथिन, गोबर नालियों में बहाने वालों एवं भवन सामग्री सड़कों पर डालने वालों पर निगम द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि निगमायुक्त अभिषेक चौधरी एवं अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के निर्देशानुसार गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्यवाही निरंतर की जा रही है। जिसके तहत गुरुवार को आज स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में वार्ड- क्र.52 गुड़ी-गुड़ा का नाका पर खुले प्लॉट की सफाई कराई गई एवं शराब की दुकान के आसपास की सफाई कराकर 5500 रूपये का जुर्माना वसूला गया है। कार्रवाई के दौरान जेडएचओ एवं डब्ल्यूएचओ सहित स्वास्थ्य अमला मौजूद रहा ।।
