टॉप न्यूज़

एक ही फ्रीजर में वेज और नॉनवेज मिलने पर होटल की किचन सील, एक्सपायर फूड लाइसेंस मिलने पर खाद्य कारोबार बंद कराया,पनीर एवं रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने जांच के लिए

खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने अभियान जारी:श्रीराम कॉलोनी स्थित द प्रभा इंटरनेशनल होटल में अनियमितताएँ पाए जाने पर होटल की किचन आगामी आदेश तक सील, खाद्य कारोबार भी बंद कराया

ग्वालियर। जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने एवं आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग ने श्रीराम कॉलोनी स्थित द प्रभा इंटरनेशनल होटल में अनियमितताएँ पाए जाने पर होटल की किचन को आगामी आदेश तक के लिए सील कर खाद्य कारोबार बंद करा दिया है। साथ ही पनीर एवं रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। कलेक्टर रुचिका चौहान द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को रोकने के लिए लगातार छापामार कार्रवाई करने के निर्देश खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को दिए गए हैं।

इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरीश राजौरिया ने एजी ऑफिस के पास श्रीराम कॉलोनी स्थित द प्रभा इंटरनेशनल होटल की किचन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वेज एवं नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक ही फ्रीजर में साथ रखे पाए गए। इसके अलावा किचन में साफ-सफाई का अभाव तथा खाद्य सामग्री के भंडारण की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान होटल का खाद्य लाइसेंस भी समाप्त हो गया था। इस प्रकार की अनियमितताओं को गंभीरता से लिया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा प्रयोगशाला में जांच कराने के लिये पनीर एवं रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लिए गए हैं। साथ ही वैध खाद्य लाइसेंस के अभाव में होटल का खाद्य कारोबार बंद कराते हुए किचन को आगामी आदेश तक के लिए सील कर दिया गया है।