टॉप न्यूज़

"जिले के शासकीय छात्रावासों में बच्चों का होगा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, कलेक्टर ने सीएमएचओ को दिए आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही हीमोग्लोबिन टेस्ट एवं आंखों की जांच कराई जाएगी

स्कूलों में बच्चों के आधार पंजीयन व अपडेशन के लिये शिविरों का आयोजन जारी, अब तक लगभग साढ़े 9 हजार अपडेशन व पंजीयन हुए, गुरुवार को 6 स्कूलों में शिविर लगाकर 190 बच्चों के आधार अपडेशन व पंजीयन किए

ग्वालियर। जिले में जनजाति कल्याण विभाग के छात्रावासों के साथ-साथ सर्व शिक्षा अभियान अंतर्गत संचालित बालिका एवं बालक छात्रावासों में निवासरत बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जायेगा। कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्वास्थ्य परीक्षण की नियमित व पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए हैं। उन्होंने कहा है कि छात्रावासों में रहने वाले बच्चों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि छात्रावासों में माह में एक बार बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आवश्यकता अनुसार महिला चिकित्सक की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि छात्रावासों के निकट स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा अन्य शासकीय अस्पतालों के चिकित्सकों को भी नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जिम्मेदारी सौंपी जाए। उन्होंने हर छात्रावास में प्राथमिक स्वास्थ्य किट रखवाने के निर्देश भी दिए हैं। बालिका छात्रावासों में महिला चिकित्सक द्वारा प्रतिमाह स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ही हीमोग्लोबिन टेस्ट एवं आंखों की जांच कराई जाएगी। प्रत्येक बालिका का स्वास्थ्य कार्ड तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही पुरानी बीमारी से पीड़ित बच्चों के उपचार की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए हैं। स्वास्थ्य परीक्षण व्यवस्था की समीक्षा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी स्तर से की जाएगी। कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत द्वारा भी समय-समय पर इसकी समीक्षा करेंगे।

सर्व शिक्षा अभियान में जिले में यहां संचालित हैं छात्रावास

सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत जिले में 4 कस्तूरबा गाँधी बालिका विद्यालय सह छात्रावास संचालित है, जो मोहनगढ़, गैडोलकला, मोहना व हस्तिनापुर में स्थित हैं। इसके अलावा रेंहट, सहराई, करहिया, अमरोल व घाटीगांव में बालिका छात्रावास विभाग द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। ग्वालियर शहर के अंतर्गत बालक छात्रावास पागनबीसी परिसर तिलक नगर, सेबेंथ बटालियन परिसर काल्पी ब्रिज मुरार, सीडब्ल्यूएसएन बालक छात्रावास महलगांव तथा सीडब्ल्यूएसएन बालिका छात्रावास काल्पी ब्रिज मुरार क्षेत्र में संचालित हो रहे हैं।

इधर बच्चों के आधार पंजीयन व अपडेशन के लिये शिविरों का आयोजन जारी, अब तक साढ़े 9 हजार अपडेशन व पंजीयन 

जिले के सरकारी एवं प्राइवेट स्कूलों में बच्चों के मेंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेशन एवं आधार पंजीयन के लिये कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर विशेष आधार शिविर जारी हैं। 15 जुलाई से रोस्टर अनुसार स्कूलों में इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। अब तक लगे लगभग 320 शिविरों में 9500 से अधिक बच्चों के आधार पंजीयन व अपडेशन संबंधी कार्य किया जा चुका है। गुरुवार को जिले के 6 स्कूलों में आधार अपडेशन व पंजीयन शिविर लगाए गए। इनमें से हायर सेकेंड्री स्कूल आंतरी में 55, जन शिक्षा केन्द्र डबरा में 17, शासकीय हायर सेकेंड्री स्कूल डबरा में 10, शासकीय बालक हायर सेकेण्ड्री स्कूल शिक्षा नगर हजीरा में 57, कार्मल कॉन्वेंट स्कूल मुरार में 33 एवं नम्रता पब्लिक स्कूल में 18 आधार अपेडेशन व पंजीयन कार्य किए गए। जिले के अन्य स्कूलों में भी रोस्टर अनुसार स्कूलों में आधार कैंप का आयोजन किया जायेगा। खासतौर पर ऐसे स्कूलों में यह शिविर लगाए जा रहे हैं, जिनमें बायोमैट्रिक अपडेशन एवं आधार पंजीयन से अधिक बच्चे शेष हैं। शिविरों में बायोमैट्रिक अपडेशन मशीन पहुंचाई जा रही है और मौके पर ही यह अपडेशन और आधार पंजीयन का काम किया जा रहा है। कलेक्टर चौहान ने अभियान बतौर यह कार्य जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पाँच वर्ष से ऊपर का कोई भी बच्चा मेंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेशन एवं आधार पंजीयन से शेष नहीं रहना चाहिए।