ग्वालियर। इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-28 में जिले के अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी और पंजीयन कराने के उद्देश्य से बीते रोज मंगलवार को शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में युवाओं को प्रतियोगिता की प्रक्रिया, विभिन्न स्तरों पर मिलने वाले अवसर और पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील
इस जागरूकता कार्यशाला में यह भी जानकारी दी गई कि 'इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-28' में पंजीयन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 है। युवाओं से अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं। अपने कौशल का प्रदर्शन करें। साथ ही मध्यप्रदेश और देश का नाम रोशन करें। कार्यशाला में विद्यार्थियों को बताया गया कि वे अपने कौशल और प्रतिभा को जिला स्तर से आगे राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित कर सकते हैं।
कार्यशाला में अधिकारियों और संस्थानों के प्रतिनिधियों से अपने- अपने संस्थानों में जागरूकता-सह-पंजीयन शिविर आयोजित करने का आग्रह किया गया। इन शिविरों के माध्यम से पात्र और इच्छुक युवाओं का अधिक से अधिक पंजीयन कराने के लिए कहा गया। इस अवसर पर संभागीय आईटीआई ग्वालियर के प्राचार्य सचिन कौरव तथा क्षेत्रीय कार्यालय ग्वालियर के सहायक संचालक नरेश कुमार और अमिताभ गुप्ता उपस्थित रहे। सहायक संचालक आशु कुमार, प्रशिक्षण अधीक्षक (तकनीकी) राजेश शर्मा और प्रशिक्षण अधिकारी ललित चौकीकर ने जानकारी दी। जिला कौशल समन्वयक, आईटीआई और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि तथा विद्यार्थी भी कार्यशाला में शामिल हुए।
