ग्वालियर। तिघरा बांध के बढ़ते जलस्तर एवं मौसम विभाग द्वारा जारी भारी वर्षा की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए जल संसाधन विभाग ने शुक्रवार शाम तिघरा बांध के तीन गेट खोले गए। शाम लगभग 6:30 बजे तीनों गेटों को 9-9 इंच खोलकर करीब 1040 क्यूसेक अतिरिक्त जल की निकासी सांक नदी में की गई।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह 8 बजे तिघरा बांध का जलस्तर 739.40 फीट था। दिन में तिघरा के कैचमेंट क्षेत्र में हुई बारिश के कारण बांध के जलस्तर में तेजी से वृद्धि होने लगी। बढ़ते जलस्तर एवं संभावित वर्षा को देखते हुए जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने दोपहर लगभग 1:30 बजे गेट खोले जाने की सूचना जारी कर दी गई थी। शाम 5 बजे तक बांध का जलस्तर 739.50 फीट से अधिक हो गया। इसके बाद जलस्तर में लगातार वृद्धि तथा भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए गेट खोलने का निर्णय लिया गया।
गेट खोले जाने के दौरान नगर निगम ग्वालियर की महापौर शोभा सिकरवार ने तिघरा बांध पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से बांध के जलस्तर एवं जल निकासी की जानकारी ली। उन्होंने जल निकासी के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य विनोद यादव, जल संसाधन विभाग के अधीक्षण यंत्री राजेश चतुर्वेदी,अनुविभागीय अधिकारी वीरेंद्र यादव एवं प्रेमलता जैन, नाथूराम ठेकेदार, संध्या कुशवाह एवं मोनिका शर्मा, मयंक कटारे तथा नगर निगम के कार्यपालन यंत्री शिशिर श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
