ग्वालियर। “सेवा-संकल्प अभियान” की गतिविधियों को पूरी गंभीरता एवं जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से मूर्तरूप दें। प्रत्येक गतिविधि में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं नागरिकों को शामिल करें। यह निर्देश कलेक्टर रुचिका चौहान ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को दिए। अभियान के पहले दिन 17 सितम्बर को
सांध्य बेला में ग्वालियर में बैजाताल एवं जिले के अन्य 11 स्थानों पर नदियों एवं अन्य जल स्त्रोतों के किनारे “आशीर्वाद का दीया” के तहत हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए जायेंगे। “सेवा-संकल्प अभियान” पीएम नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न विभागों के माध्यम से एक दर्जन से अधिक रचनात्मक गतिविधियां आयोजित होंगीं। जिनमें सेवा ज्योति यात्रा, विकसित भारत संकल्प यात्रा, आंगनबाड़ी केन्द्रों में “आंगन का उत्सव”, कहानी बदलाव कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आए सकारात्मक बदलाव का प्रस्तुतिकरण, शिक्षण संस्थाओं में ड्राइंग व भाषण प्रतियोगितायें, जल-जन और सेवा संकल्प यात्रा, सेवा-सेतु, रंगोली राष्ट्र, जन-सेवक महाकुंभ पंचायत पार्लियामेंट जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में हुई बैठक में “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान”, पर्पल डॉट कार्यक्रम, सीएम हैल्पलाइन सहित शासन के अन्य प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की भी समीक्षा हुई।
सीएम हैल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में ढिलाई सामने आने पर कलेक्टर ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को आगाह किया कि यदि अगले दो दिन में शिकायतों के निराकरण की स्थिति नहीं सुधरी तो उनके खिलाफ कार्रवाई के लिये आयुक्त को प्रस्ताव भेजा जाएगा। बैठक में वन मंडलाधिकारी मुकेश पटेल, अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद व अनिल बनवारिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं जिले के एसडीएम मौजूद थे।
दिव्यांगजनों को सेवाओं और अवसरों से जोड़ेगा पर्पल डॉट
दिव्यांगजनों की जरूरतों और आकांक्षाओं को पहचानकर उन्हें सरकारी योजनाओं, सहायक उपकरणों, रोजगार एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से सरकार द्वारा पर्पल डॉट पहल की गई है। इसके माध्यम से विभिन्न विभागों, संस्थाओं और दिव्यांगजनों के लिए कार्यरत संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सेवाओं को अधिक सुगम एवं सुलभ बनाने पर जोर दिया जाएगा। इस पहल के माध्यम से दिव्यांगजनों को अलग-अलग स्थानों पर भटकने की जरूरत नहीं रहेगी, उनसे संबंधित सेवायें दिव्यांगजनों की दहलीज तक पहुँचाई जायेंगीं। कलेक्टर रुचिका चौहान ने शासन के दिशा- निर्देशों के तहत डिस्ट्रिक्ट वर्किंग कमेटी गठित कर इस काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि अगले 15 दिनों में ऐसे सभी दिव्यांगों की मोबाइल फोन नंबर सहित सूची तैयार करें, जिनकी यूडीआईडी बनी हुई हैं।
'अभियान' को गंभीरता से न लेने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर रुचिका चौहान ने बैठक में जोर देकर कहा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान को सभी अधिकारी गंभीरता से लें। अभियान के तहत सभी अधिकारी जन-विश्वास शिविर के पहले क्षेत्र भ्रमण कर अपने-अपने विभाग से संबंधित संस्थाओं का निरीक्षण करें और सरकार की मंशा के अनुरूप संस्थाओं की व्यवस्थायें सुदृढ़ करें। साथ ही भ्रमण व निरीक्षण की जानकारी अनिवार्यत: पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने ऐसे अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं, जिनके द्वारा पोर्टल पर अभी तक जानकारी नहीं भरी गई है।है।
