राजनीति

“सेवा संकल्प अभियान”; ग्वालियर जिले में भी सम्पूर्ण प्रदेश के साथ 'पीएम मोदी' के जन्म-दिवस 17 सितम्बर से एक माह तक चलेगा यह अभियान, दीप जलाने से लेकर जन-सेवक महाकुंभ जैसे होंगे आयोजन

राज्य शासन ने इस अभियान के लिए जिलेवार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नोडल ऑफिसर नियुक्त किए हैं, ग्वालियर जिले के नोडल अधिकारी का दायित्व अपर मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी को सौंपा है

ग्वालियर जिले में भी सम्पूर्ण प्रदेश के साथ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प अभियान” चलाया जायेगा। इस अभियान के अंतर्गत नागरिकों की सेवा से जुड़े प्रकल्पों का आयोजन क्रमबद्ध रूप से किया जाएगा। राज्य शासन द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों को अभियान के लिए जिलों का नोडल अधिकारी नामांकित किया है। ग्वालियर जिले के नोडल अधिकारी का दायित्व अपर मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी को सौंपा गया है। 

“सेवा संकल्प अभियान” के तहत अनेक गतिविधियां होंगी जिसमें आर्शीवाद का दीया जलाना, यानि हितग्राही परिवारों के घर पर दीप प्रज्ज्वलन, सेवाचित्र राष्ट्रव्यापी ड्राईंग और भाषण प्रतियोगिता, सेवा स्मरण संगीतमय नाट्य प्रस्तुतियां, आंगन का मिलन यानि आंगनबाडी कार्यकर्ताओं का सम्मान एवं बच्चों तथा माताओं की सक्रिय भागीदारी, कहानी बदलाव के तहत सरकार की योजनाओं से जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की सक्सेस स्टोरी, सेवा ज्योति यात्रा में गांव , जिला स्तर की जनभागीदारी यात्रा, विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ, वड़नगर (गुजरात) से वाराणसी यात्रा जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा, सेवा-मेरा योगदान के तहत 25 प्रमुख सेवा गतिविधियों में नागरिकों की भागीदारी होगी। इसी तरह सेवा सेतु अभियान में सेवा सेतु केन्द्र स्थापित कर आम नागरिकों को एक ही स्थान पर जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना, सेवा के रंग के अंतर्गत घर-घर से राष्ट्र तक आभार और संकल्प की रंगोली का निर्माण, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज विद्यार्थियों, युवाओं, स्टार्ट-अप्स, प्रोफेशनल्स, कॉर्पोरेट इनोवेटर और जमीनी स्तर पर नए समाधान विकसित करने वाले लोगों को जोड़ने के लिए होगा।

जन सेवक महाकुंभ के तहत पंचायत से पार्लियामेंट तक देशभर से सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों का राष्ट्रीय सम्मेलन और 25 साल 25 कहानियाँ नेशनल अनबॉक्सिंग गतिविधियां आयोजित होगी। प्रभारी मंत्री एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि इस अभियान में महती भूमिका निभायेंगे। “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत जिलों में अभियान के सफल क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक समन्वय एवं मॉनिटरिंग की दृष्टि से भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों को जिले के लिए नोडल अधिकारी के रूप में नामांकित किया गया है। नोडल अधिकारी अभियान की संपूर्ण अवधि के लिए प्रतिदिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की माईक्रो प्लानिंग में जिला कलेक्टर को सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। नोडल अधिकारी 17 सितंबर को संपूर्ण दिवस अपने प्रभार के जिले में रहेंगे और उस दिन आयोजित होने वाले समस्त कार्यक्रमों आर्शीवाद का दीया एवं अन्य कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से भाग लेंगें।