राजनीति

'मुख्यमंत्री अल्प प्रवास पर ग्वालियर आए';विमानतल पर हुआ आत्मीय स्वागत, विमानतल से सीएम विस अध्यक्ष तोमर एवं मंत्री पटेल के साथ हैलीकॉप्टर से मालनपुर के लिए प्रस्थान किया

मालनपुर में गोदरेज इंडस्ट्रीज की चौथी इकाई का शुभारंभ करने के बाद मुख्यमंत्री शाम लगभग 4.30 बजे वापस ग्वालियर विमानतल पहुँचे और थोड़ी देर बाद विमान से इंदौर के लिये प्रस्थान किया

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अल्प प्रवास (ट्रांजिट विजिट) पर बुधवार को ग्वालियर आगमन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव वायु मार्ग द्वारा दोपहर लगभग 2.15 बजे विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री  प्रहलाद पटेल के साथ राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल पधारे। विमानतल से मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधानसभा अध्यक्ष  तोमर एवं पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री पटेल के साथ हैलीकॉप्टर द्वारा मालनपुर जिला भिण्ड के लिये प्रस्थान किया। मालनपुर में गोदरेज इंडस्ट्रीज की चौथी इकाई का शुभारंभ करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव अपरान्ह लगभग 4.30 बजे वापस ग्वालियर विमानतल पहुँचे। ग्वालियर एयर टर्मिनल पर जिले की लाड़ली बहनाओं से राखी बंधवाने के बाद मुख्यमंत्री ने विमान द्वारा इंदौर के लिये प्रस्थान किया।

विमानतल पर कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष केशव सिंह बघेल, जीडीए के अध्यक्ष मधुसूदन सिंह भदौरिया, महर्षि पतंजलि बोर्ड के अध्यक्ष कौशल शर्मा, नगर निगम सभापति  मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण  प्रेम सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक असित यादव, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, एडीएम सीबी प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं  दीपक शर्मा, विनय जैन, जितेन्द्र गुर्जर राजू पलैया सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे।