ग्वालियर। रक्षाबंधन पर्व को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर ग्वालियर जिले में दूध एवं दूध से बने खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने ग्वालियर एवं डबरा में विभिन्न मिष्ठान प्रतिष्ठानों की जांच कर मिल्ककेक, मावा, बर्फी, बूंदी के लड्डू, पेड़ा, मैसूर पाक, बेसन के लड्डू, घेवर एवं मैदा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इस दौरान पुरानी छावनी में कार्रवाई करते हुए 4,526 किलोग्राम मिल्ककेक, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 24 हजार 160 रुपये है, नियमानुसार जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया को जनसुनवाई में प्राप्त सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को पुरानी छावनी भेजा गया था। टीम ने शिकायतकर्ता की सूचना पर वाहन क्रमांक एमपी 06 जीए 3281 को रोककर जांच की। वाहन में बड़ी मात्रा में मिल्क-केक पाया गया। पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि मिल्ककेक मनिया, राजस्थान तथा मुरैना से लोड कर ग्वालियर के माध्यम से ट्रांसपोर्ट द्वारा अन्य जिलों में सप्लाई किया जाना था। वाहन चालक द्वारा मिल्ककेक के स्वामी के रूप में मुरैना निवासी सुरेशचंद्र गुप्ता का नाम बताया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने वाहन में रखे राधिका ब्रांड एवं देवकी ब्रांड के मिल्ककेक के नमूने लिए तथा कुल 4,526 किलोग्राम मिल्ककेक नियमानुसार जब्त किया। विभाग द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि परिवहन के माध्यम से लाए गए मिल्ककेक की आपूर्ति एवं वितरण में कौन-कौन व्यक्ति संलिप्त हैं। लिए गए नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जाएंगे।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी अग्रिम कार्रवाई
जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद शर्मा ने गोपालदास स्वीट्स, बहोड़ापुर से बर्फी एवं बेसन के लड्डू तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी लखनलाल कोरी ने सुभाष मिष्ठान भंडार, शिंदे की छावनी से मैदा एवं मिल्ककेक के नमूने लिए।
डबरा में भी मिष्ठान प्रतिष्ठानों की जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने डबरा क्षेत्र में विभिन्न मिष्ठान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश धाकड़ ने लक्ष्मीचंद मिष्ठान भंडार, सुभाषगंज से मावा बर्फी एवं बूंदी के लड्डू के नमूने लिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोविंद नारायण सरगैयां ने भोलेनाथ मिष्ठान भंडार, नगर पालिका कार्यालय के पीछे का निरीक्षण कर बर्फी एवं पेड़ा के नमूने लिए। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरीश राजौरिया ने बालाजी मिष्ठान भंडार, जवाहरगंज से मैसूर पाक, बेसन के लड्डू एवं घेवर के नमूने लिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार शर्मा ने खाटूश्याम मिष्ठान भंडार, पिछोर तिराहा, डबरा से बूंदी के लड्डू एवं मावा पेड़ा के नमूने लिए।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए मावा एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जिले में यह विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।रहेगा।
