बिजनेस

"दीनारपुर मंडी का होगा कायाकल्प"; कृषि उपज उप-मंडी के विस्तार कार्यों व आधुनिकीकरण के लिये लगभग 5.14 करोड़ स्वीकृत, कलेक्टर ने बताये कायाकल्प में स्वीकृत कार्यों की सूची

जिला प्रशासन की पहल पर कृषि उपज मंडी दीनारपुर का कायाकल्प होने जा रहा है, किसान सुविधाजनक तरीके से अपनी उपज बेच सकेंगे, साथ ही उन्हें विश्राम की बेहतर सुविधा सहित अन्य बुनियादी सुविधायें उपलब्ध होंगीं

ग्वालियर शहर में दीनारपुर स्थित कृषि उपज उपमंडी का कायाकल्प होने जा रहा है। राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा कृषि उपज मंडी दीनारपुर के आधुनिकीकरण एवं निर्माण कार्यों के लिये लगभग 5 करोड़ 14 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। जिला प्रशासन की पहल पर कृषि उपज मंडी दीनारपुर का कायाकल्प होने जा रहा है। इससे किसान सुविधाजनक तरीके से अपनी उपज बेच सकेंगे। साथ ही उन्हें विश्राम की बेहतर सुविधा सहित अन्य बुनियादी सुविधायें उपलब्ध होंगीं। कलेक्टर  रुचिका चौहान ने बताया कि दीनारपुर उप मंडी के कायाकल्प के लिये स्वीकृत किए गए कार्यों में लगभग 22 लाख 68 हजार रुपए की लागत से कृषक विश्राम गृह का विस्तार व आधुनिकीकरण शामिल है।

इसके अलावा मंडी की संरचनाओं के मरम्मत कार्य के लिये 49 लाख 98 हजार, पाइप लाइन कार्य के लिये 18 लाख 50 हजार, मंडी के पहुँचमार्ग व मरम्मत कार्य के लिये 75 लाख 11 हजार, कार्यालय भवन के आसपास पेवर कार्य के लिये 18 लाख 50 हजार, कैटल प्रोटेक्टर के लिये 6 लाख, ट्रॉली शेड से गेट क्र.-2 तक सीसी कार्य के लिये 187 लाख, गेट क्र.-2 मय चैक पोस्ट एवं गार्ड रूम के लिये 34 लाख 38 हजार, बाउण्ड्रीवॉल मरम्मत कार्य के लिये 12 लाख 50 हजार, 33 केव्ही एलटी लाइन शिफ्टिंग के लिये 24 लाख 87 हजार, भवनों में आधुनिक विद्युतीकरण के लिये 22 लाख 29 हजार, मंडी की संरचनाओं की मरम्मत के लिये 31 लाख 98 हजार, ओएचटी व सम्पवेल मिलान के लिये 7 लाख 90 हजार एवं गेट पर स्थित पानी की टंकी को वाटर कूलर रूम के ऊपर शिफ्ट करने के लिये लगभग 2 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत हुई है।