अपना शहर

"बारिश के बीच नवागत निगमायुक्त एवं अधिकारियों का मैदानी निरीक्षण" ; जलभराव एवं सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने सुबह से संभाला मोर्चा

निगम अधिकारियों ने बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी की

आयुक्त अभिषेक चौधरी ने विभिन्न क्षेत्रों एवं कचरा प्रोसेसिंग प्लांट का भी निरीक्षण किया, साथ ही माधव नगर में नागरिकों के घरों पर कचरा सेग्रीगेशन की व्यवस्था का अवलोकन किया

ग्वालियर। सुबह से हो रही बारिश के बीच नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देश पर निगम के सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों ने बुधवार को सुबह 7 बजे से अपने-अपने क्षेत्रों में मैदानी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव, साफ-सफाई एवं जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया तथा मौके पर ही निगम के अमले को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नगर निगम आयुक्त  अभिषेक चौधरी ने भी सुबह से  जोन क्रमांक 21 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 54 एवं 55 के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव वाले स्थानों पर जल निकासी की व्यवस्था तथा साफ-सफाई का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने 1000 बिस्तर अस्पताल रोड एवं कटोराताल स्थित शौचालय का भी निरीक्षण किया।

इसके बाद आयुक्त चौधरी ने वार्ड क्रमांक 58 के माधव नगर क्षेत्र में नागरिकों के घरों पर कचरा सेग्रीगेशन की व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने सुरेश नगर, थाटीपुर, मयूर मार्केट, सब्जी मंडी, पीएनटी कॉलोनी होते हुए मेला ग्राउंड स्थित एफसीटीएस तथा जलालपुर स्थित एफसीटीएस प्लांट का भी निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने केदारपुर प्लांट पहुंचकर कचरा प्रोसेसिंग कार्य का जायजा लिया। आयुक्त ने प्लांट परिसर में साफ-सफाई रखने तथा कचरे की प्रोसेसिंग का कार्य व्यवस्थित एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराने के निर्देश दिए।

बुधवार को निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, उपायुक्त मुकेश बंसल, कार्यपालन यंत्री शैलेंद्र सक्सेना सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में अपर आयुक्त  प्रदीप तोमर ने वार्ड क्र.-8 के अंतर्गत नरसिंह नगर क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में जलभराव की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जल निकासी एवं साफ-सफाई की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद मनोज राजपूत सहित क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।

वही अपर आयुक्त मुनीश सिंह सिकरवार ने वार्ड क्रमांक 63 में निर्माणाधीन नवीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

इसके साथ ही नगर निगम के अन्य सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में बारिश के बीच मैदानी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निगम के अमले के साथ जलभराव वाले स्थानों पर जल निकासी, नालियों की सफाई एवं आवश्यक साफ-सफाई की व्यवस्था कराई। निगम अधिकारियों ने बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी की।की।