अपना शहर

‘उल्लास-एक अभिनव प्रयास’; जिला न्यायालय में बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मिला मंच, चित्रकला - निबंध प्रतियोगिता में न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया

प्रतिभागी बच्चों के साथ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने रंग-बिरंगे गुब्बारे हवा में छोड़े, उन्होंने गुब्बारों की उड़ान से बच्चों को सकारात्मक सोच अपनाने, सपनों को ऊंची उड़ान देने और समाज में सकारात्मकता का संदेश फैलाने प्रेरित किया

ग्वालियर। ‘उल्लास-एक अभिनव प्रयास’ के तहत जिला न्यायालय में न्यायाधीशों एवं न्यायालयीन व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारियों के बच्चों के लिए चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें कानूनी जागरूकता एवं सकारात्मक सामाजिक सोच से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित हुआ। प्रतियोगिता में 8 वर्ष तक तथा 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का आयोजन हाईकोर्ट, जबलपुर एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष ललित किशोर के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ललित किशोर ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एंव माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए आयोजित ऐसी रचनात्मक गतिविधियां उनके व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उन्हें जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि कानूनी जागरूकता के माध्यम से सक्षम समाज की दिशा में बच्चों को प्रारंभ से ही जागरूक करना आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ललित किशोर ने प्रतिभागी बच्चों के साथ रंग-बिरंगे गुब्बारे हवा में छोड़े। इस अवसर पर उन्होंने गुब्बारों की उड़ान के माध्यम से बच्चों को सकारात्मक सोच अपनाने, अपने सपनों को ऊंची उड़ान देने और समाज में सकारात्मकता का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत 8 वर्ष तक तथा 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग तक के बच्चों के लिए चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता एवं विचारों को चित्रों और निबंधों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश नवीन शर्मा सहित जिला न्यायालय ग्वालियर के न्यायाधीशगण एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के आयोजन में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया जिला न्यायालय परिसर द्वारा विशेष सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन न्यायिक मजिस्ट्रेट मधुलिका खत्री ने किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पुष्पेन्द्र सिंह ने आभार व्यक्त किया।