जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न संगठनों एवं नागरिकों ने एक साथ रोपे पौधे, इस दौरान “हर घर तिरंगा अभियान” में सभी के साथ विद्यार्थियों और अधिकारियों ने एक विशाल मानव श्रृंखला बनाकर घर-घर में तिरंगा लहनाने का संदेश दिया, साथसाथ ही विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण और देशभक्ति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी
ग्वालियर। पर्यावरण संरक्षण के साथ शहर को हरा-भरा बनाने के संकल्प को लेकर हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर ग्वालियर में विशाल पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगणों, वरिष्ठ अधिकारियों, आमजनों, समाजसेवी संस्थाओं व शैक्षणिक संस्थानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आगरा-झांसी बायपास स्थित रमौआ बांध के समीप बन रहे नवीन ई-बस स्टैंड एवं होटल मैरियट के पास “एक पेड़ माँ के नाम” एवं हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से एक ही दिन में साझा प्रयासों से लगभग 5000 पौधे रोपे गए। इस दौरान “हर घर तिरंगा अभियान” के तहत जनप्रतिनिधिगणों, आम नागरिकों, विद्यार्थियों और अधिकारियों ने एक विशाल मानव श्रृंखला बनाकर घर-घर में तिरंगा लहनाने का संदेश दिया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण और देशभक्ति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
हरियाली अमावस्या पर पुनीत उद्देश्य के साथ आयोजित सामूहिक पौधरोपण कार्यक्रम में कलेक्टर रुचिका चौहान एवं नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित सभापति मनोज तोमर, पार्षद एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक व शैक्षणिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ ही शहर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस अवसर पर सभापति तोमर ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। ग्वालियर को स्वच्छ और हरित बनाने की दिशा में आज का यह 5000 पौधों का रोपण एक ऐतिहासिक कदम है। केवल पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें एक बच्चे की तरह पाल-पोसकर बड़ा करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। नगर निगम यह सुनिश्चित करेगा कि आज रोपे गए सभी पौधे सुरक्षित रहें और फलें-फूलें।
हरियाली अमावस्या पर्व हमें सीधे प्रकृति से जोड़ता है
कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि हरियाली अमावस्या का यह पर्व हमें सीधे प्रकृति से जोड़ता है। जिला प्रशासन और नगर निगम के साथ मिलकर आमजनों, युवाओं और बच्चों ने जिस उत्साह के साथ इस महाअभियान में सहभागिता की है, वह प्रशंसनीय है। आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध हवा और बेहतर पर्यावरण देने के लिए ऐसे वृहद पौधरोपण अभियान अत्यंत आवश्यक हैं। प्रशासन इस क्षेत्र को एक सुंदर ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल पौधरोपण की संख्या हासिल करना ही नहीं है, बल्कि पौधों के जीवित रहने की दर को 100 प्रतिशत तक ले जाना है। इसके लिए रमौआ बांध के पास समर्पित कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है, जो नियमित रूप से पौधों की खाद, पानी और सुरक्षा का ध्यान रखेंगे।
छायादार और फलदार पौधे रोपे
प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने और स्थानीय जैव विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस अभियान में नीम, शहतूत, आम, जामुन, अमरूद, कटहल, बरगद और पीपल जैसे पारंपरिक छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में इनकी भी रही सहभागिता
इस पौधरोपण अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ- शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों, समाजसेवी संस्थाओं और शैक्षणिक संस्थानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगर निगम के पार्षद अनिल सांखला, पार्षद संजीव पोतनीस, अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार व प्रदीप तोमर, उपायुक्त मुकेश बंसल, सुनील चौहान, वरिष्ठ समाज सेवी अंजलि बत्रा, अजय तिवारी, तृप्ति भटनागर, हरिओम गौतम, दाता बंदी छोड़ गुरुद्वारा से एसएच कोचर, ब्रह्मकुमारी संस्था से प्रहलाद भाईजी मौजूद रहे। साथ ही जन अभियान परिषद, डांस अकैडमी, पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल, आदित्य वर्ल्ड स्कूल, जीनियस पब्लिक स्कूल, न्यूटेरिक वर्ल्ड, आईटीएम यूनिवर्सिटी, ज्योति भावना समिति, नेहरू युवा केंद्र व महिला मंडल के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन विजेता सिंह चौहान ने किया ।
