अपना शहर

'हर घर तिरंगा अभियान' में होंगे कई आयोजन; 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने पर हर आयोजन में होगा गायन, कार्यक्रमों का शासन स्तर से कैलेण्डर जारी किया है

युवा पीढ़ी में देशभक्ति का जज्बा पैदा करने व जन-जन की भागीदारी बढ़ाने प्रदेश सरकार द्वारा 9 से 17 अगस्त तक  “हर घर तिरंगा अभियान” मनाया जा रहा है

ग्वालियर। प्रदेश स्तर पर हर घर तिरंगा यात्रा एवं राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर अनेक आयोजन शहर में किए जाएंगे। प्रत्येक आयोजन में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गायन किया जाएगा। जबकि राष्ट्रीय गीत वंदे मारतम का समापन 7 नवंबर को किया जाएगा।

युवा पीढ़ी में देशभक्ति का जज्बा पैदा करने एवं इसमें जन-जन की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा 9 से 17 अगस्त तक  “हर घर तिरंगा अभियान” मनाया जा रहा है इसके साथ ही राष्ट्रीय गीत वंदे मारतम के 150 साल पूर्ण होने पर अनेक आयोजन किए जाएंगे । इसके लिए शासन स्तर से कैलेण्डर जारी किया गया है।

शासन से जारी कैलेण्डर अनुसार यह आयोजन होंगे

हर घर तिरंगा अभियान (09 से 17 अगस्त 2026);अभियान के तहत आमजन में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिसमें रैली व यात्राएं निकाली जाएंगी। साथ ही  तिरंगा यात्रा, बाइक, ई-बाइक, साइकिल रैली और मानव श्रृंखला निकाली जाएगी। इसके साथ ही  सांस्कृतिक व रचनात्मक कार्यक्रम, तिरंगा मेला, तिरंगा कॉन्सर्ट, रंगोली व सजावट प्रतियोगिता, बुनाई प्रदर्शन एवं प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों में जन-भागीदारी के लिए सार्वजनिक स्थानों पर सेल्फी विद तिरंगा अभियान, घरों, कार्यालयों एवं वाहनों पर तिरंगा फहराया जाएगा। साथ ही जगह-जगह लाइटिंग की जाएगी। “हर जगह तिरंगा” व रिकॉर्ड विद तिरंगा जैसे आयोजन होंगे। इसके साथ ही सैनिकों व पुलिसकर्मियों के साथ “पत्र लेखन”, नुक्कड़ नाटक और तिरंगा प्रदर्शनी आयोजित होंगी। 

'वंदे मातरम' के 150 साल पूर्ण होने पर यह होंगे आयोजन

राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के दौरान आयोजित होने वाले प्रत्येक कार्यक्रम में सामूहिक “वंदे मातरम” का गायन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। शासकीय कार्यक्रमों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक सभाओं में “वंदे मातरम के बाद राष्ट्रगान किया जाएगा।

15 अगस्त को विशेष होंगे आयोजन

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान भी विशेष रूप से वंदे मातरम गायन और राष्ट्रीय ध्वज फहराने के निर्देश दिए गए हैं। 7 नवंबर को होगा वंदे मातरम गीत का समापन, वंदे मातरम” की 150वीं वर्षगांठ के चलते समापन कार्यक्रम 7 नवंबर 2026 को आयोजित होगा । 

देश-विभाजन की विभीषिका को भी याद किया जाएगा 

14 अगस्त को भारत के दो टुकड़े हुए थे, जिससे पाकिस्तान का जन्म हुआ था। इस विभाजन के दर्द और त्रासदी को याद करते हुए अत्यंत गंभीर और गरिमापूर्ण माहौल में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। जिसमें  मौन जुलूस, शांति मार्च और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन होगा। साथ ही विभाजन से प्रभावित परिवारों एवं उनके प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए जाएंगे। संग्रहालयों, पुस्तकालयों तथा शासकीय भवनों में विभाजन से संबंधित ऐतिहासिक तस्वीरों और अभिलेखों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

लाइटिंग से जगमगाएगा शहर एवं शासकीय इमारतें

15 अगस्त को राज्य एवं जिला स्तर पर भव्य सजावट व सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे। जिसमें सरकारी भवनों, बांधों, पुलों, प्रमुख सड़कों, अस्पतालों और बाजारों को तिरंगे पर आधारित आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।

"हर घर तिरंगा अभियान" में 13 अगस्त को गांधी प्राणी उद्यान में होगा चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन, कक्षा 01 से 12 तक के छात्र भाग ले सकेंगें

 हर घर तिरंगा अभियान-2026 अन्तर्गत नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर में जगह-जगह विभिन्न प्रकार के आयोजन किये जा रहे हैं,  इसी क्रम में गांधी प्राणी उद्यान चिड़ियाघर में 13.अगस्त को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा।

नोडल अधिकारी चिडियाघर डॉ उपेन्द्र यादव ने बताया कि  13 अगस्त को प्रातः 10ः00 बजे से 12ः00 बजे तक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में कक्षा 01 से 12 कक्षा तक के छात्र-छात्रायें भाग ले सकेंगें । चित्रकला प्रतियोगिता के लिए ड्राईंग शीट चिड़ियाघर द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी एवं अन्य सामग्री कलर, स्कैच, पैन्सिल इत्यादि सामग्री छात्र-छात्राओं को लाना होगी। प्रतियोगिता में सम्मलित होने के लिये मोबाईल नम्बर 8602622587 पर सम्पर्क किया जा सकता है।


गांव-गांव तिरंगे की शान, हर दिल में देशभक्ति का सम्मान
ग्वालियर ग्रामीण क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में भी उत्साह के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ,गांव-गांव तिरंगे की शान, हर दिल में देशभक्ति का सम्मान के नारों के तिरंगा यात्राएं निकली जा रही हैं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में उत्साहपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया जा रहा है।