राजनीति

"समग्र पेंशन एवं उज्ज्वला योजना की बहनों की मनी राखी"; ग्वालियर जिले के हितग्राहियों के खातों में भी सीएम यादव ने पहुँचाई धनराशि, 73,717 हितग्राहियों के खातों में पहुँचे सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 4.42 करोड़ रुपए

लगभग 60 हजार लाड़ली बहनाओं के खातों में पहुँची उज्ज्वला योजना की 3.20 करोड़ की अनुदान राशि, कलेक्ट्रेट के NIC के वीसी रूम में भी कुछ हितग्राही यह कार्यक्रम देखने पहुँचे

ग्वालियर जिले के 73 हजार 717 सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 4 करोड़ 42 लाख से अधिक और पीएम उज्ज्वला योजना में शामिल जिले की लगभग 60 हजार लाड़ली बहनाओं के खातों में भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल से सिंगल क्लिक से लगभग 3 करोड़ 20 लाख रुपए की धनराशि पहुँचाई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा किए गए राशि अंतरण को ग्वालियर जिले के हितग्राहियों ने वेबकास्टिंग के जरिए देखा। कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में भी कुछ हितग्राही यह कार्यक्रम देखने पहुँचे। 

 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से मंगलवार को समग्र पेंशन योजना के अंतर्गत प्रदेश के 35 लाख हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक के जरिए 211.53 करोड़ रुपए की धनराशि अंतरित की। जिसमें ग्वालियर जिले के हितग्राही भी शामिल हैं। इसी तरह प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की एलपीजी कनेक्शनधारी प्रदेश की 22 लाख लाड़ली बहनाओं के खाते में लगभग 99 करोड़ रुपए की अनुदान राशि मुख्यमंत्री द्वारा अंतरित की गई। जिसमें ग्वालियर जिले की लगभग 60 हजार लाड़ली बहनायें लाभान्वित हुई हैं। 

 भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी शामिल हुए। 

 यहां कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में संयुक्त कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल, जिला आपूर्ति अधिकारी अरविंद भदौरिया व सहायक संचालक सामाजिक न्याय नम्रता गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं हितग्राही मौजूद थे। 

 मुख्यमंत्री द्वारा धनराशि अंतरित करने के बाद संयुक्त कलेक्टर  शिवांगी अग्रवाल ने ग्वालियर जिले के विभिन्न हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन व दिव्यांग पेंशन स्वीकृति के प्रमाण-पत्र प्रदान किए।