ग्वालियर।स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को ग्वालियर में भी पूरे उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा। मुख्य समारोह की सभी तैयारियां समय रहते विभागीय अधिकारी पूर्ण करें। समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश के नाम संदेश का सीधा प्रसारण भी किया जायेगा। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ आकर्षक परेड भी निकाली जायेगी। आयोजन के संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सोजान सिंह ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह, हर घर तिरंगा अभियान के साथ-साथ शासन के अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद, अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया, अपर आयुक्त नगर निगम प्रदीप तोमर सहित जिले के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रावत ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्देश दिए हैं कि विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन समय-सीमा में पूर्ण करें। समारोह पूर्ण गरिमा और भव्यता के साथ आयोजन हो, इसके लिये सभी तैयारियां की जाएं। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित हर घर तिरंगा अभियान के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में 9 से 17 अगस्त तक “हर घर तिरंगा अभियान” के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों में समाज के सभी वर्ग शामिल हों। स्कूल, कॉलेजों में भी विभिन्न आयोजन कर बच्चों को हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ा जाए। सीएम हैल्पलाइन के तहत दर्ज प्रकरणों का निराकरण विभागीय अधिकारी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करें।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रतिदिन सीएम हैल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों का अवलोकन करें और उनका निराकरण प्राथमिकता के साथ किया जाए। सीएम हैल्पलाइन की समीक्षा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे शिविरों में भी की जा रही है। बैठक में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के संबंध में भी विस्तार से समीक्षा की गई। आगामी 14 अगस्त को डबरा में जिले का दूसरा मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर का आयोजन किया जायेगा। इस शिविर में डबरा नगर पालिका क्षेत्र के साथ-साथ डबरा ब्लॉक के लोगों की समस्याओं का निराकरण करने के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
बैठक में किसानों को खाद वितरण की भी विस्तार से चर्चा की गई। किसानों को समय पर खाद की उपलब्धता हो यह सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई। बैठक में बताया गया कि जिले में किसानों के लिये पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।है।
