अपना शहर

'टाइम लिमिट प्रकरणों की समीक्षा'; शिकायतों के निराकरण में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी, स्वास्थ्य विभाग की 200 दिवस से अधिक पुरानी शिकायत को लेकर स्वास्थ्य विभाग के लिपिक को लापरवाही के लिए नोटिस जारी

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान को लेकर अधिकारी गंभीरता से करें कार्य, निगमायुक्त ने समीक्षा में बताया यह जन-विश्वास अभियान शासन की प्राथमिकता वाला अभियान है, इसके तहत आगामी 14 अगस्त को क्षेत्रीय कार्यालय क्र.8 में शिविर लगेगा

ग्वालियर।  मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले साप्ताहिक शिविर को अधिकारी गंभीरता से लें और सीएम हेल्प लाइन, जनसुनवाई एवं लोकसेवा गारंटी के प्रकरणों का निराकरण संतुष्टि के साथ गंभीरता से करायें। अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कडी़ कार्यवाही होगी। यह निर्देश नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने समय सीमा बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिए। 

निगम मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, अपर आयुक्त वित्त अरविंद शर्मा, उपायुक्त प्रदीप श्रीवास्तव एवं सुनील चौहान सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। 

बैठक में निगमायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन की प्राथमिकता वाला अभियान है। इस अभियान के तहत आगामी 14 अगस्त 2026 को क्षेत्रीय  कार्यालय क्रमांक 8 के अंतर्गत शिविर लगाया जाएगा। जिसमें अन्य गतिविधियां जैसे स्वास्थ्य शिविर इत्यादि का आयोजन किया जाए। साथ ही शासन की योजनाओं से संबंधित सीएम हेल्प लाइन के प्रकरणों का निराकरण संबंधित अधिकारी गंभीरता से करें। जिसमें नागरिक सेवा, पेयजल, सीवर, जनकल्याण आदि विभाग प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि 100 दिवस से अधिक की शिकायतों को लेकर संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रूचि लेकर शिकायतों का निराकरण करायें। इसमें लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी। स्वास्थ्य विभाग की 200 दिवस से अधिक पुरानी शिकायत को लेकर स्वास्थ्य विभाग के लिपिक सतेन्द्र त्रिपाठी को लापरवाही के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। 

सड़कों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी संबंधित कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री अपने अपने क्षेत्रों में सड़कों की नियमित मॉनिटरिंग करें। मुख्य सड़कों पर कहीं भी गड्डे न हो और न ही जल भराव हो। यह संबंधित अधिकारी सुनिष्चित करें। इसके लिए जो भी संसाधन आवश्यक है वह वर्कशॉप अथवा स्वास्थ्य विभाग से लें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी क्षेत्र में अगर कोई महत्वपूर्ण घटना होती है तो संबंधित अधिकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करें।

 बैठक में निगमायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन नालों पर सफाई की पुनः आवष्यकता है वहा अभियान चलाकर पुन सफाई करायें तथा जहां जल भराव रहता है वहां ब्लीचिंग पाउडर, एंटी लार्वा का छिड़काव एवं फॉगिंग आवश्यक रूप से करायें। 

हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा में निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी क्षेत्राधिकारी अपने अपने क्षेत्र में कम से कम एक- एक एक्टीविटी आवश्यक रूप से करायें तथा आम नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक करें और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सेल्फी विद तिरंगा आवश्यक रूप से डालें। पार्क विभाग की समीक्षा में पौधा रोपण के लक्ष्य को पूर्ण करने के निर्देश पार्क अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही नामांकन के प्रकरणों पर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए है।