अपना शहर

"गोल पहाड़िया-तिघरा रोड का जायजा लिया"; सड़क धंसने वाले स्थानों को चिन्हित कर मंत्री कुशवाह ने सुरक्षा एवं सुधार कार्य कराने के दिए निर्देश, उन्होंने सड़क किनारे रह रहे लोगों से भी संवाद किया

इधर मेहराब साहब की तलैया में डूबने से मृत युवक के परिजनों को मंत्री कुशवाह ने 4 लाख रुपए की सहायता उपलब्ध कराई, शोक संतृप्त परिवार को ढांढस बंधाया और दुर्घटना स्थल का जायजा लेकर सुरक्षा इंतजाम करने के दिए निर्देश

ग्वालियर। गोल पहाड़िया-तिघरा रोड पर सड़क की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने रविवार को सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क धंसने वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ सुधार कार्य कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री कुशवाह ने सड़क की स्थिति तथा आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क पर ऐसे स्थानों को प्राथमिकता से चिन्हित किया जाए, जहां सड़क धंसने अथवा क्षतिग्रस्त होने से आवागमन में परेशानी या दुर्घटना की संभावना हो। इन स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के साथ सुधार कार्य भी कराया जाए।

मंत्री कुशवाह ने सड़क किनारे रह रहे लोगों से भी संवाद कर अपील की कि वे सड़क के नजदीक किसी प्रकार का निर्माण न करें। उन्होंने कहा कि सड़क की सीमा के समीप अनधिकृत अथवा असुरक्षित निर्माण से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है। नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए सड़क से पर्याप्त दूरी बनाए रखना जरूरी है।

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय तथा अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। 

मेहराब साहब की तलैया में डूबने से मृत युवक के परिजनों को मंत्री ने 4 लाख रुपए की सहायता उपलब्ध कराई, शोक संतृप्त परिवार को ढांढस बंधाया 

वही ग्वालियर के लक्ष्मीगंज स्थित मेहराब साहब की तलैया में युवक के डूबने की दु:खद घटना पर सामाजिक न्याय मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक पंकज सूर्यवंशी के शोकाकुल परिजनों से मिलकर उनकी पीड़ा साझा की और उन्हें ढांढस बंधाया। साथ ही प्रदेश सरकार की ओर से मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की गई।

मंत्री कुशवाह ने कहा कि दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार स्वयं को अकेला न समझे। सरकार उनके साथ है और परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मंत्री ने मेहराब साहब की तलैया स्थित दुर्घटना स्थल का भी जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि तलैया पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने दुर्घटना की संभावना वाले स्थानों पर आवश्यक सावधानियां और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त  संघ प्रिय तथा अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।