टॉप न्यूज़

"सुरक्षा को ध्यान में रख वाहनों की जांच"; स्कूली व यात्री वाहनों एवं एम्बूलेंस की अभियान बतौर जांच जारी, सुरक्षा मानकों में कमी पाई जाने पर विभिन्न वाहनों पर लगाया एक लाख से अधिक जुर्माना

कलेक्टर के निर्देश पर परिवहन विभाग की टीम ने सोमवार को खासतौर पर एम्बूलेंस वाहनों का निरीक्षण किया, प्रोटोकॉल के तहत एम्बूलेंस में सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई

ग्वालियर। स्कूली बच्चों व यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर जिले में स्कूली वाहनों के साथ-साथ एम्बूलेंस, ऑटो रिक्शा व अन्य यात्री वाहन एवं ट्रेक्टर आदि वाहनों का अभियान बतौर निरीक्षण किया जा रहा है। इस कड़ी में कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर परिवहन विभाग की टीम ने सोमवार को खासतौर पर एम्बूलेंस वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत एम्बूलेंस में सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रमजीत सिंह कंग ने बताया कि एम्बूलेंस सहित अन्य यात्री वाहनों में सुरक्षा मानकों की कमियां पाई जाने पर कुल 01 लाख 05 हजार 500 रुपए का शमनशुल्क अधिरोपित किया गया है। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। सोमवार को संभगीय उड़नदस्ता प्रभारी प्रवीण नाहर के नेतृत्व में गए परिवहन विभाग के दल द्वारा इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।