ग्वालियर। मुरार थाना पुलिस ने नकली सोना बेचकर 16 लाख रुपये की ठगी करने वाले राजस्थान के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी की पूरी रकम एवं सोना-चांदी का सामान बरामद करने में बड़ी सफलता प्राप्त की है।
मुरार पुलिस के अनुसार फरियादी विकास जैन, निवासी सदर बाजार मुरार ने थाना मुरार में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी आरके ज्वैलर्स नाम से सराफा दुकान है। बीते रोज 23 जुलाई 2026 को लगभग 11ः30 बजे दो व्यक्ति, जिन्होंने अपने नाम सुन्दर भोपा एवं रामलाल उर्फ चांदवीर बताए, उनकी दुकान पर पहुंचे और स्वयं को पुश्तैनी सोने के आभूषण बेचने वाला बताते हुए करीब 130 ग्राम वजनी सात तवजिया बेचने की बात कही। जांच के दौरान उक्त सामान की कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई, जिस पर दोनों व्यक्तियों ने 10 लाख 50 हजार रुपये नगद तथा शेष राशि के बदले सोने-चांदी के आभूषण लेने की सहमति व्यक्त की।
फरियादी ने आरोपियों को 10.50 लाख रुपये नगद, दो चांदी की करधौनी, दो चांदी के कड़े तथा लगभग 20 ग्राम वजन की दो जोड़ी सोने की झुमकियां दे दीं। आरोपियों के दुकान से निकलने के बाद जब दिए गए तथाकथित सोने की दोबारा जांच की गई तो वह पूरी तरह नकली निकला। इस पर फरियादी एवं अन्य व्यापारियों ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। आकाशवाणी चौराहे के पास एक आरोपी सुन्दर भोपा को पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी रामलाल उर्फ चांदवीर मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी एवं नकली सोने के साथ फरियादी थाना मुरार पहुंचे, जहां शिकायत की जांच के बाद धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
इस ठगी की घटना संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुजावल जग्गा को थाना मुरार पुलिस की टीम को वारदात में वांछित आरोपी की धरपकड़ कर माल मशरूका बरामद कराने के निर्देश दिये । वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी मुरार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुरार निरीक्षक मैना पटेल के नेतृत्व मेें थाना मुरार पुलिस की टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जाँच की गई तथा फरार आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार आरोपी सुन्दर भोपा से पूछताछ की गई और उसके दूसरे साथी की तलाश की गई तो आरोपी रामलाल उर्फ चांदवीर को सात नम्बर चौराहा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों की निशादेही पर घटना का माल मशरूका उसके बताये गये स्थान से बरामद किया गया। बरामद मशरूका में 10.5 लाख रूपये नगद, 5.5 लाख का सोना चांदी का सामान जिसमें 2 जोड़ी झुमकी 20 ग्राम, 2 करधौनी 400 ग्राम एवं 2 कड़े चांदी के 500 ग्राम के जब्त किये गये। थाना मुरार पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से अन्य घटनाओं के संबंध में भी विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
*गिरफ्तार आरोपीगण*:-
1. सुदर पुत्र वीरपाल भोपा 65 साल निवासी ग्राम केशरोली जिला अलवर राजस्थान।
2. रामलाल उर्फ चांदवीर भोपा पुत्र स्व. सुआभोपा उम्र 56 साल निवासी कानबडोदा, कटुमर अलवर राजस्थान
*जब्त मशरूका*:- 10.5 लाख रूपये नगद, 5.5 लाख का सोना चांदी का सामान, जिसमें 2 जोड़ी झुमकी 20 ग्राम, 2 करधौनी 400 ग्राम एवं 2 कड़े चांदी के 500 ग्राम के जप्त किये गये।
*सराहनीय भूमिका*:- थाना प्रभारी मुरार निरीक्षक मैना पटेल, उनि ब्रह्मानंद शर्मा, प्रआर हरवीर यादव,अर्चना कंसाना, आरक्षक संजय गुर्जर, राहुल जाट, देवेन्द्र साहू, जसवीर गुर्जर, प्रदीप यादव की सराहनीय भूमिका रही।रही।
