राजनीति

उपनगर ग्वालियर में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं ; ऊर्जा मंत्री तोमर ने विभिन्न बस्तियों में भ्रमण कर सुनी समस्याएं, विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया

उधर सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री कुशवाह स्वास्थ्य शिविर में शामिल हुए,चिकित्सकों का किया सम्मान, कहा- सामाजिक अवसरों को जनसेवा से जोड़ने की पहल अनुकरणीय

ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री  प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बुधवार को उपनगर ग्वालियर की विभिन्न बस्तियों में भ्रमण किया। उन्होंने इस दौरान स्थानीय नागरिकों से सीधा संपर्क कर उनकी समस्याएं सुनीं। विकास कार्यों का भूमि पूजन भी किया।

मंत्री तोमर ने जती की लाइन, झाड़ू वाला मोहल्ला, घोसीपुरा, शिव नगर, सत्यनारायण की टेकरी, सुनारन गली, पंचशील नगर सहित अन्य क्षेत्रों में भ्रमण किया और विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को सुना और बहुत सी समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम व विद्युत वितरण कंपनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ऊर्जा मंत्री  प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि उपनगर ग्वालियर में विकास के नए आयाम मूर्त रूप ले रहे है। हमारा लक्ष्य है कि उप नगर ग्वालियर विकास की दृष्टि से एक आदर्श और विकसित क्षेत्र के रुप में अपनी पहचान बनाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने उपनगर ग्वालियर में जती की लाइन की विभिन्न गलियों में 23 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाली सीमेंट कांक्रीट रोड एवं नाली निर्माण कार्य, झाड़ू वाला मोहल्ला में नवीन सीवर लाइन, घोसीपुरा शिव नगर तथा सत्यनारायण की टेकरी में नाला निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने सुनारन वाली गली निवासी सुनील नरवरिया के घर पहुंचकर भोजन किया। ऊर्जा मंत्री के भ्रमण कार्यक्रम का समापन शील नगर में हुआ।

वही सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री कुशवाह स्वास्थ्य शिविर में हुए शामिल , चिकित्सकों का किया सम्मान

सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने बुधवार को सिंधी कॉलोनी स्थित शासकीय हायर सेकेण्ड्री पागनवीसी विद्यालय में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में सहभागिता की। उन्होंने शिविर में स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान कर रहे चिकित्सकों का सम्मान किया और उनके समर्पण, सेवा भावना एवं जनकल्याण के प्रति योगदान की सराहना की। मंत्री कुशवाह ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि दिनेश जैन के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में साझा प्रयासों से आयोजित स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक अवसरों को जनसेवा से जोड़ने की यह पहल अनुकरणीय है।

इस अवसर पर मंत्री कुशवाह ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा सबसे बड़ा मानव धर्म है। समाज के सहयोग और चिकित्सकों की सेवा भावना से आयोजित ऐसे स्वास्थ्य शिविर आमजन को समय पर उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाना है और जनसहभागिता से आयोजित इस प्रकार के आयोजन समाज में सेवा एवं संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए आयोजकों तथा सहयोगी चिकित्सकों को शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर अमर कुटे, गोपाल जाटव, शासकीय हाई सेकेण्ड्री पागनवीसी विद्यालय के प्राचार्य  संजय निगम व हजार बिस्तर अस्पताल के सहायक अधीक्षक सहित स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।