अपना शहर

“दीक्षारंभ समारोह का आयोजन"; विजयाराजे शा.गर्ल्स पीजी कॉलेज मुरार में नवागत छात्राओं का रोली-चंदन का तिलक लगाकर किया आत्मीय स्वागत, कॉलेज स्टाफ से परिचय कराया

नवागत छात्राओं को कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने के बाद उन्हें उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया, साथ ही कॉलेज में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई

ग्वालियर। विजयाराजे शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुरार में बुधवार को नव-प्रवेशित छात्राओं के लिए दीक्षारंभ समारोह का आयोजन किया गया। दीक्षारंभ समारोह के माध्यम से नवागत छात्राओं को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने के साथ उन्हें उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया। साथ ही महाविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई एवं विभिन्न विभागों से परिचित कराया गया।

 इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एसके श्रीवास्तव ने छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासन, उपलब्ध संसाधनों तथा विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। 

 कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. ज्योति उपाध्याय एवं सरला देवी द्वारा नवागत छात्राओं का रोली-चंदन का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत करने के साथ हुआ। कार्यक्रम के अंत में नवागत छात्राओं को महाविद्यालय परिसर का भ्रमण कराया गया। इस दौरान डॉ. मंजू सिंह वीर, डॉ. दीपा वर्मा, डॉ. मनीषा देशपाण्डे, डॉ. राजवीर सिंह किरार, डॉ. कंचन सिंह नगेल, डॉ. रूपेश पल्लव एवं डॉ. अवधेश निरंजन ने छात्राओं को विभिन्न विभागों, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं तथा अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं से अवगत कराया। साथ ही उनका कॉलेज के प्राध्यापकों, सह-प्राध्यापकों, सहायक प्राध्यापकों एवं अन्य स्टाफ सदस्यों से परिचय भी कराया गया।गया।