टॉप न्यूज़

'भारतीय थलसेना की अग्निवीर भर्ती रैली'; सागर के साथ ग्वालियर में भी तलाशी जा रही हैं संभावनाएं, जिला प्रशासन ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन

अग्निवीर भर्ती रैली आगामी 1 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित है, ग्वालियर में कलेक्टर एवं एसएसपी के साथ हुई सेना भर्ती कार्यालय के अधिकारियों की बैठक

ग्वालियर। भारतीय थल सेना की अग्निवीर भर्ती रैली के आयोजन के लिए सेना भर्ती कार्यालय द्वारा सागर एवं ग्वालियर में समानांतर रूप से संभावनाओं का परीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्वालियर कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में कलेक्टर रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह की उपस्थिति में सेना भर्ती कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी कर्नल पंकज कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कर्नल पंकज कुमार ने बताया कि सेना भर्ती कार्यालय द्वारा अग्निवीर भर्ती रैली के आयोजन के लिए सागर को प्राथमिकता दी गई है। इस संबंध में सागर में संभावित स्थल का निरीक्षण कर वहां के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा भी की जा चुकी है। साथ ही ग्वालियर में भी भर्ती रैली आयोजित किए जाने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।

कलेक्टर रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने सेना भर्ती कार्यालय के अधिकारियों को आश्वस्त किया कि यदि ग्वालियर में अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाती है, तो जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि ग्वालियर में गोला का मंदिर-मुरैना रोड पर आईएसबीटी के समीप स्थित खेल ग्राम परिसर को भर्ती रैली के संभावित आयोजन स्थल के रूप में सेना भर्ती कार्यालय द्वारा देखा गया है।

कर्नल पंकज कुमार ने बैठक में जानकारी दी कि अग्निवीर भर्ती रैली आगामी 1 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि भर्ती रैली में केवल वे अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिन्होंने लिखित परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है। प्रतिदिन लगभग एक हजार अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता परीक्षण (फिजिकल टेस्ट) आयोजित की जायेगी, जिसमें दौड़ सहित अन्य निर्धारित गतिविधियां शामिल रहेंगी।

बैठक में अपर आयुक्त नगर निगम टी प्रतीक राव, अपर जिला दंडाधिकारी सीबी प्रसाद, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एमएस सागर, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जोसेफ बक्सला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।