ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय एवं अपर आयुक्त फायर मुनीश सिकरवार के निर्देशन तथा उपायुक्त फायर रजनीश गुप्ता के मार्गदर्शन में फायर विभाग द्वारा लक्ष्मीबाई कॉलोनी क्षेत्र स्थित विभिन्न कोचिंग संस्थानों, पुस्तकालयों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सुरक्षा व्यवस्थाओं की सघन जांच अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान संस्थानों में फायर सेफ्टी प्रमाण-पत्र (Fire Safety Certificate), अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी वैधता का परीक्षण किया गया। जांच में अनेक संस्थानों में आवश्यक अग्निशमन उपकरणों का अभाव तथा स्थापित उपकरणों की वैधता अवधि समाप्त पाई गई। सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन को दृष्टिगत रखते हुए फायर विभाग ने नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए एससीआई कृषि संस्थान, वरदानी कोचिंग क्लासेस, विज्ञान पथ कोचिंग क्लासेस, धाकड़ लाइब्रेरी एवं डीबी फिटनेस जिम को तत्काल प्रभाव से सील करा दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान वरदानी कोचिंग क्लासेस में एक गंभीर अनियमितता भी सामने आई। विभागीय जांच के समय संस्थान संचालक द्वारा अध्ययनरत छात्रों को जांच से छिपाने के उद्देश्य से कक्षाओं के अंदर बंद कर बाहर से ताला लगा दिया था। साथ ही कुछ छात्रों को भवन की चौथी मंजिल से समीपस्थ भवन के माध्यम से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा था।
मामले की जानकारी मिलते ही फायर विभाग एवं पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर हस्तक्षेप किया तथा सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। जांच में संबंधित भवन में फायर सेफ्टी प्रमाण-पत्र एवं आवश्यक अग्निशमन उपकरण उपलब्ध नहीं पाए गए। विद्यार्थियों के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिसर को बंद करने की कार्रवाई की गई।
फायर विभाग ने स्पष्ट किया है कि जन-सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा फायर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए आगे भी ऐसे निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
कार्रवाई के दौरान फायर ऑफिसर उमंग प्रधान, दल प्रभारी धर्मेंद्र भदौरिया, निकेत यादव, प्रशांत पांडे, आशिक मुस्ताक, आशीष तोमर, दीपक शर्मा, हरविलास यादव सहित पुलिस प्रशासन का बल उपस्थित रहा।रहा।
