ग्वालियर। श्रीमंत माधवराव सिंधिया व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा सावन मेले में दुकानों और झूलों का आवंटन पूरी तरह ऑनलाइन एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है। इच्छुक व्यापारी देश के किसी भी शहर से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवंटन की पूरी प्रक्रिया पोर्टल के माध्यम से संचालित की जा रही है, जिससे आवेदकों को मेला कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं है।
ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के सचिव सुनील त्रिपाठी ने बताया कि सावन मेले के लिए दुकान एवं झूला आवंटन की प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध है। इच्छुक आवेदक https://gwaliormela.mponline.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन एमपी ऑनलाइन कियोस्क के माध्यम से अथवा स्वयं अपने कंप्यूटर या मोबाइल से भी किया जा सकता है।
मेला सचिव ने बताया कि पोर्टल पर दुकान एवं झूले के किराए की दरें, उपलब्ध नक्शा तथा आवंटन संबंधी पूरी जानकारी उपलब्ध है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है, जिससे सभी आवेदकों को समान अवसर मिल सके।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल के अवलोकन में यह सामने आया है कि कुछ आवेदकों द्वारा आवंटन के बाद निर्धारित ऑनलाइन शुल्क का भुगतान नहीं किया गया। ऐसे मामलों में यदि आवंटन के तीन दिवस के भीतर भुगतान नहीं किया जाता है तो संबंधित आवंटन स्वतः निरस्त माना जाएगा।
ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण ने सभी आवेदकों से अनुरोध किया है कि आवेदन के साथ ही निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान सुनिश्चित करें, ताकि आवंटन प्रक्रिया निर्बाध रूप से पूर्ण हो सके।
श्रावण मेला की तैयारियाँ जोरों पर हैं, मेले में मेहंदी एवं राखी से संबंधित दुकानदारों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी
श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला परिसर में आयोजित होने वाले श्रावण मेला की तैयारियाँ जोरों पर हैं। ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा मेला परिसर में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दुकान आवंटन की प्रक्रिया 6 जुलाई तक जारी रहेगी। श्रावण मेला के लिये अब तक 38 दुकानों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। मेला प्राधिकरण ने सभी इच्छुक दुकानदार और झूला संचालकों से आग्रह किया है कि वे शीघ्र अति शीघ्र अपने स्टॉल और झूले लगाने के लिए आवेदन प्रस्तुत करें। इस मेले में मेहंदी एवं राखी से संबंधित दुकानदारों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे श्रावण मास के पारंपरिक उत्साह को बढ़ावा मिल सके।
मेला प्राधिकरण द्वारा आगंतुकों और दुकानदारों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। मेला परिसर में स्वच्छ शौचालय और शुद्ध पेयजल की निःशुल्क व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मेला सचिव ने बताया कि वाहनों की पार्किंग के लिए नाममात्र शुल्क निर्धारित किया है। दुपहिया वाहन के लिए 10 रुपये और चार पहिया वाहन के लिए 20 रुपए पार्किंग शुल्क रखा है। पार्किंग व्यवस्था का संचालन मेला प्राधिकरण द्वारा ही किया जाएगा।
यह श्रावण मेला ग्वालियर के निवासियों और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले आगंतुकों के लिए एक आकर्षक केंद्र बनने की उम्मीद है। सैलानी मेले में खरीदारी व खान-पान के साथ मनोरंजन गतिविधियों का भी आनंद ले सकेंगे।
