राजनीति

“पीएम विकसित भारत रोजगार योजना”; ग्वालियर में विस अध्यक्ष तोमर के मुख्य आतिथ्य में भव्य आयोजन, शुक्रवार 19 जून को ग्वालियर सहित देशभर में 200 स्थानों पर हुए कार्यक्रम

पीएम ने ग्वालियर सहित देशभर के कर्मचारियों व नियोक्ताओं के खातों में पहुँचाई 2400 करोड़ रुपए की धनराशि, नई दिल्ली के विज्ञान भवन में हुए मुख्य कार्यक्रम से मोदी ने वीसी के जरिए देशभर में लाभार्थियों को संबोधित किया

ग्वालियर। युवाओं के लिये रोजगार सृजन, उन्हें औपचारिक रोजगार से जोड़ने और सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाने के उद्देश्य से “प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना” के तहत शुक्रवार 19 जून को देशभर में 200 स्थानों पर हुए कार्यक्रमों के साथ ग्वालियर में भी भव्य आयोजन हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित हुए मुख्य कार्यक्रम से इस योजना के तहत देशभर के लाभार्थियों के खातों में 2400 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि अंतरित की। जिसमें कर्मचारी भविष्य निधि संगठन क्षेत्रीय कार्यालय ग्वालियर से जुड़े कर्मचारियों एवं नियोक्ताओं के खातों में पहुँची लगभग 4 करोड़ रुपए की धनराशि शामिल है। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ग्वालियर सहित देश भर में 200 स्थानों पर आयोजित हुए कार्यक्रमों में मौजूद लाभार्थियों व नियोक्ताओं को संबोधित किया।

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में ग्वालियर में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विवि में क्षेत्रीय भविष्य निधि संगठन के तत्वावधान में प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में सांसद भारत सिंह कुशवाह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर कलेक्टर रुचिका चौहान, क्षेत्रीय आयुक्त कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ग्वालियर सत्यवर्धन गौतम, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय  मंचासीन थे। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत आयोजित हुए प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम में लाभार्थी कर्मचारियों एवं विभिन्न औद्योगिक संगठनों व नियोक्ताओं ने भाग लिया।

विकसित भारत के निर्माण को प्रधानमंत्री ने मजबूत आधार दिया है:   तोमर

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दूरदृष्टि के धनी है। उन्होंने आज के साथ देश के उदयीमान कल का निर्माण करने के लिये प्रभावी कदम उठाए हैं। पीएम ने विकसित भारत के निर्माण को क्रांतिकारी योजनाओं के माध्यम से मजबूत आधार दिया है। मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की बदौलत श्रमिकों की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य के निर्माण को लेकर शुरू की गई इस योजना में लगभग एक लाख करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया है। इससे साढ़े तीन करोड़ से अधिक रोजगार सृजन किए जायेंगे।  तोमर ने कहा कि वर्ष 2014 में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन से देश में 6 करोड़ कर्मचारियों की सदस्यता थी, जो अब बढ़कर 8 करोड़ से अधिक हो गई है। इस प्रकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 साल में ढाई करोड़ से अधिक रोजगार सृजन कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के माध्यम से हुए हैं। तोमर ने कहा कि वर्ष 2014 में श्रमिकों को मात्र 100 से 200 रुपए प्रतिमाह पेंशन मिलती थी। जिसे बढ़ाकर अब एक हजार रुपए प्रतिमाह कर दिया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक व्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। पहले भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की 11वी अर्थव्यवस्था थी जो अब चौथी अर्थव्यवस्था बन गई है।

स्वरोजगार सृजन और श्रमिक कल्याण के लिये यह ऐतिहासिक पहल : सांसद 

सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि खुशी की बात है देश में पहली बार भविष्य निधि संगठन से जुड़े कामगारों के खातों में एक साथ 2400 करोड़ रुपए की धनराशि पहुँचाई गई है। पीएम के नेतृत्व में सरकार रोजगार सृजन एवं कर्मचारियों के कल्याण के लिये क्रांतिकारी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना निश्चित ही प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिये लिए गए संकल्प में महती भूमिका निभायेगी।

हर पात्र कर्मचारी को दिलायेंगे योजना का लाभ: कलेक्टर 

कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना ने कर्मचारियों के हितों का संरक्षण करने के साथ-साथ नियोक्ताओं को भी अपने कामगारों को इनसेंटिव देने के लिये प्रोत्साहित किया है। अब नियोक्ताओं का दायित्व है कि वे अपने शत-प्रतिशत कर्मचारियों को इस योजना का लाभ दिलाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्ष 2027 तक योजना का लक्ष्य प्राप्त करने में जिला प्रशासन का हर संभव सहयोग मिलेगा।

क्षेत्रीय आयुक्त कर्मचारी भविष्य निधि संगठन सत्यवर्धन गौतम ने स्वागत उदबोधन दिया। साथ ही जानकारी दी कि ग्वालियर के भविष्य निधि संगठन कार्यालय में लगभग 2 हजार संस्थान पंजीकृत हैं। इन संस्थानों द्वारा 18 हजार नए रोजगार दिए हैं। साथ ही 35 हजार कामगारों को पुन: रोजगार प्रदान किया है। आज के आयोजन में प्रधानमंत्री द्वारा ग्वालियर कार्यालय से जुड़े कर्मचारियों एवं नियोक्ताओं के खातों में कुल मिलाकर लगभग 4 करोड़ रुपए की धनराशि पहुंचाई गई है।

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने कहा कि ग्वालियर नगर निगम भी सबसे बड़े नियोक्ताओं में से एक है। नगर निगम के कुल लगभग 7 हजार कर्मचारियों में 3 हजार आउटसोर्स कर्मचारी हैं। इन सभी कर्मचारियों को प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत सामाजिक सुरक्षा निगम द्वारा उपलब्ध कराने के प्रयास पूरी शिद्दत के साथ किए जा रहे हैं।

आरंभ में विधानसभा अध्यक्ष तोमर सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से लाभान्वित हितग्राहियों एवं नियोक्ताओं ने भी इस अवसर पर अपने अनुभव साझा किए।