ग्वालियर शहर के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को ग्वालियर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उद्योग प्रतिनिधियों ने उनका आत्मीय अभिनंदन कर शुभकामनाएं दीं। बैठक में ग्वालियर में औद्योगिक विकास को नई गति देने तथा जीडीए की विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने के विषय पर विस्तार से विचार- विमर्श किया गया।
बैठक में उद्योग प्रतिनिधियों और जीडीए अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया के बीच इस बात पर विस्तृत चर्चा हुई कि ग्वालियर विकास प्राधिकरण उद्योगों के विकास एवं विस्तार में किस प्रकार अधिक सक्रिय और सहयोगी भूमिका निभा सकता है। साथ ही, प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अनेक रचनात्मक सुझाव भी साझा किए गए।
उद्योग प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि मधुसूदन भदौरिया का उद्योग जगत से लंबे समय से आत्मीय जुड़ाव रहा है और जीडीए अध्यक्ष बनने से पूर्व भी उन्होंने उद्योगों के हित में सदैव सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में न केवल औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी, बल्कि ग्वालियर शहर के समग्र एवं संतुलित विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।
बैठक में लघु उद्योग भारती के प्रांतीय अध्यक्ष सोबरन सिंह तोमर, प्रकाश रोहरा, निर्मल सिंह, संतोख सिंह, अभय गर्ग, संजीव मल्होत्रा, रवि गुप्ता, महेंद्र गुप्ता, गोपाल मोटवानी, संजय धवन एवं कपिल जयसिंघानी सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।
