ग्वालियर एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु दो बार आएंगी, सुरक्षा की दृष्टि से 2000 जवान तैनात रहेंगे, एयरपोर्ट के पास एएसएल चेकिंग शुरू, आईजी और एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ली बैठक
ग्वालियर एयर फोर्स स्टेशन विमानतल एवं व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार के पाँच किमी की परिधि के क्षेत्र को 20 जून को दोपहर 2 बजे से 22 जून को शाम 4 बजे तक “नो फ्लाई जोन” घोषित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह द्वारा इस आशय का प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा नागर विमानन मंत्रालय के राजपत्र में प्रकाशित ड्रोन नियमों के तहत प्राप्त शक्तियों का उपयोग करते हुए यह आदेश जारी किया है। आदेश में स्पष्ट किया है कि इन तिथियों में ग्वालियर विमानतल व व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार के पाँच किलोमीटर की परिधि में ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून एवं अन्य फ्लाईंग गतिविधियां नहीं की जा सकेंगीं।
ग्वालियर एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति दो बार आएंगी, एयरपोर्ट के पास एएसएल चेकिंग शुरू, मकान मालिक से लेकर किराएदारों तक की हो रही स्क्रीनिंग
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु के ग्वालियर आगमन को लेकर पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी में जुटे हैं। ग्वालियर एयरपोर्ट से श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क के लिए राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से रवाना होंगी, लेकिन मौसम को देखते हुए विकल्प के तौर पर सड़क मार्ग पर भी पुख्ता सुरक्षा-व्यवस्था लगाई है। सुरक्षा में करीब दो हजार जवान तैनात रहेंगे। जवान दूसरे जिलों से भी यहां आएंगे। ग्वालियर विमानतल पर राष्ट्रपति दो बार आएंगी।
पुलिस ने शुरू की चेकिंग, किराएदार तक के नाम सूची में
महाराजपुरा थाना पुलिस एयरपोर्ट के आसपास एएसएल चेकिंग कर रही है। एक-एक घर की स्क्रीनिंग की जा रही है। मकान मालिक से लेकर किरायेदार तक के नाम सूची में हैं। साथ ही होटल, लाज, धर्मशालाओं की चेकिंग भी पुलिस लगातार कर रही है।
कूनो जाने और वापस आने के लिए हेलीकॉप्टर में यहीं से बैठेंगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आइजी अरविंद सक्सैना, एसएसपी धर्मवीर सिंह ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों के साथ लगातार दौरे किए। इस संबंध में बैठक भी की है।
मालूम हो कि 21 जून को राष्ट्रपति का ग्वालियर आगमन होगा और वह रात में कूनो में ही विश्राम करेंगी। अगले दिन 22 जून को राष्ट्रपति ग्वालियर आएंगी। यहां से वे वायुमार्ग से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
