ग्वालियर में 21 जून को होने जा रही नीट परीक्षा-2026 की सभी तैयारियाँ लगभग पूर्ण हो गईं हैं। परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने गुरुवार को संयुक्त रूप से ग्वालियर में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर एवं नीट परीक्षा के जिला नोडल अधिकारी विनोद सिंह भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा कक्षों, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने केन्द्राध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं गोपनीयता के साथ कराया जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में आवश्यक अमला तैनात रहे तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश दिलाने, पहचान सत्यापन, सुरक्षा जांच एवं अन्य व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही परीक्षा केन्द्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात प्रबंधन भी प्रभावी ढंग से किया जाएगा ।
उल्लेखनीय है कि 21 जून को ग्वालियर में 25 परीक्षा केन्द्रों पर नीट-2026 का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल एवं निर्विघ्न संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं।
इस बार सरकारी वाहनों में बैंक से संबंधित परीक्षा केन्द्र तक प्रश्न पत्र के बॉक्स कड़ी सुरक्षा के बीच में ले जाए जायेंगे। सरकारी वाहन में सीआरपीएफ व पुलिस बल, सीएस व अन्य संबंधित अधिकारी रहेंगे। प्रश्न-पत्र बॉक्स परिवहन की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जायेगी।
परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों, इनविजलेटर व अन्य स्टाफ को मोबाइल फोन, बैग एवं किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थी केवल पारदर्शी पानी की बोतल अपने साथ ले जा सकेंगे। साथ ही एडमिट कार्ड एवं एडमिट कार्ड में उल्लेखित आईडी कार्ड, पासपोर्ट साईज के दो एवं पोस्टकार्ड साइज के एक फोटो को ले जाने की अनुमति रहेगी।
नीट परीक्षा 21 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से अपरान्ह 5.15 बजे तक होगी। परीक्षार्थियों को प्रात: 11 बजे से अपरान्ह 1.30 बजे तक परीक्षा केन्द्र परिसर में प्रवेश की अनुमति होगी। अपरान्ह 1.30 बजे के बाद परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित कर दिया जायेगा। प्रत्येक परीक्षार्थी को प्रवेश देने से पहले बारीकी से जांच की जायेगी। महिला व पुरुष परीक्षार्थियों के लिये अलग-अलग जांच (फ्रिस्किंग) की व्यवस्था रहेगी। जांच के बाद सभी की बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज करनी होगी।
