राजनीति

"मद्य निषेध सप्ताह का समापन"; वृद्धजन एवं दिव्यांगजन- चिन्हांकन शिविर में 55 हितग्राहियों का हुआ चिन्हांकन, 16 अक्टूबर को वितरित होंगे उपकरण एवं कृत्रिम अंग

नशा मुक्ति के लिये सभी को सार्थक प्रयास करने की है जरूरत: मंत्री नारायण सिंह कुशवाह की मौजूदगी में श्रीपरमानंद सिंधी हिंदू धर्मशाला ट्रस्ट, महाराज बाड़ा में भव्य कार्यक्रम का समापन

ग्वालियर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती के उपलक्ष्य में 02 से 08 अक्टूबर 2026 तक आयोजित “मद्य निषेध सप्ताह” का समापन समारोह एवं दिव्यांगजन तथा वृद्धजन (राष्ट्रीय वयोश्री योजना) चिन्हांकन शिविर बीते रोज श्री परमानंद सिंधी हिंदू धर्मशाला ट्रस्ट, महाराज बाड़ा, शासकीय गजरा राजा हायर सेकेंडरी स्कूल के पास, लश्कर, ग्वालियर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन कल्याण एवं उद्यानिकी मंत्री  नारायण सिंह कुशवाह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जगद्गुरु श्री आनंदेश्वर महाराज, कलेक्टर रुचिका चौहान, सामाजिक न्याय विभाग की ज्वाइंट डायरेक्टर शिवांगी अग्रवाल, सहायक संचालक सुमित रघुवंशी, ब्रह्माकुमारी आश्रम से बीके ज्योति बहन, ओएसटी सेंटर से डॉ.रश्मि मिश्रा, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी पूर्वी अग्रवाल, वार्ड -50 के पार्षद, आकाश वशिष्ठ, रवि पामबानी, रमन शिक्षा समिति के हरिओम गौतम, अहिंसा महिला बाल कल्याण समिति के दीपक श्रीवास्तव तथा कलाराम शिक्षा प्रचार समिति से बबीता सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिहं कुशवाह ने कहा है कि नशा मनुष्य के जीवन और उसके परिवार को नष्ट करता है। युवा पीढ़ी को नशे से दूर करने के लिये मद्य निषेध सप्ताह का आयोजन किया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा भी नशा मुक्ति के लिये विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन जागरूकता के माध्यम से ही नशे से मुक्ति दिलाई जा सकती है। हम सबको नशा मुक्ति के लिये सार्थक प्रयास करने की आवश्यकता है। मंत्री कुशवाह ने कहा कि मद्य निषेध सप्ताह के समापन अवसर पर दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण करने के लिए चिन्हांकन शिविर का आयोजन भी किया जा रहा है। 16 अक्टूबर को आयोजित होने वाले शिविर में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग वितरित किए जायेंगे।

 कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा है कि दिव्यांगजनों एवं वयोश्री लोगों के लिये चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में चिन्हित हुए लोगों को शीघ्र ही एलिम्को के माध्यम से सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग वितरित किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय मंत्री कुशवाह के माध्यम से समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायतार्थ अनेक प्रयास किए जाते हैं। जरूरतमंद लोगों को रोजगार से जोड़ने के लिए आटा चक्की का वितरण हो या दिव्यांगजनों के लिये कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण के सार्थक प्रयास निरंतर किए जाते हैं। एक हजार बिस्तर की धर्मशाला के संचालन के लिए भी 10 लाख रुपए की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है।

 कार्यक्रम में हितग्राहियों का हुआ चिन्हांकन

शिविर के दौरान एलिम्को (ALIMCO) की तकनीकी टीम के सहयोग से दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों का परीक्षण एवं चिन्हांकन किया गया। राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत 30 वृद्धजनों को सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकित किया गया, जबकि एडिप (ADIP) योजना के अंतर्गत 25 दिव्यांगजनों का सहायक उपकरणों के लिए पंजीयन किया गया। इस प्रकार कुल 55 हितग्राहियों का चिन्हांकन एवं पंजीयन किया गया। इन सभी हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार 16 अक्टूबर 2026 को शासकीय गजरा राजा हायर सेकेंडरी स्कूल, ग्वालियर में आयोजित होने वाले आगामी शिविर में निःशुल्क सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग (Assistive Devices and Artificial Limbs) प्रदान किए जाएंगे।

नशामुक्त समाज के निर्माण का दिया संदेश

मद्य निषेध सप्ताह के समापन पर वक्ताओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण पर विशेष जोर देते हुए आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। वक्ताओं ने कहा कि नशे से व्यक्ति का स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन प्रभावित होता है, इसलिए नशे से दूरी बनाकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाना आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन बीके प्रहलाद भाई ने किया। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कला पथक दल द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। इसके बाद प्राची इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित भावपूर्ण नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इसके बाद अतिथियों एवं वक्ताओं ने अपने उद्बोधन दिए। वहीं मद्य निषेध सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

नशामुक्ति की पोर्टेबल प्रदर्शनी का किया शुभारंभ

मद्य निषेध सप्ताह के समापन पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विवि द्वारा नशामुक्ति विषय पर लगाई गई “पोर्टेबल प्रदर्शनी” का शुभारंभ  मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने किया। प्रदर्शनी में नशे से होने वाले दुष्प्रभावों को चित्रों एवं डिजिटल प्रदर्शित किया गया। साथ ही नशे से दूर रहने तथा नशे की लत छोड़ने के लिए प्रेरित करने वाली लघु वीडियो फिल्मों का प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को नशामुक्त जीवन अपनाने का प्रभावी संदेश दिया गया।