राजनीति

"कुलैथ में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान" का जिला स्तरीय शिविर: मेधावी विद्यार्थियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान, कलेक्टर ने राशन दुकान और विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण, लापरवाही पर दो अधिकारियों को नोटिस

स्वरोजगार योजनाओं से आत्मनिर्भर बने हितग्राहियों ने साझा की सफलता की कहानी, युवाओं को रोजगार के लिए किया प्रेरित, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर

ग्वालियर। जिले के ग्राम कुलैथ में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी दी गई। कलेक्टर रुचिका चौहान ने शिविर से पहले उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण कर राशन वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार राशन उपलब्ध कराने और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। शिविर में लापरवाही सामने आने पर दो अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। 

कलेक्टर ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुँचाने और जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में जिला पंचायत  अध्यक्ष दुर्गेश जाटव, उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह, सरपंच  रश्मि यादव, डीएफओ मुकेश पटेल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजन सिंह रावत, एसडीएम प्रदीप शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

जिला जन-विश्वास शिविर कुलैथ में 108 ग्रामीणों ने अपने आवेदन पत्र प्रस्तुत किए। इन आवेदनों पर जिला अधिकारियों ने गंभीरता से विचार कर निराकरण की कार्रवाई की। कलेक्टर ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदन पत्रों का सकारात्मक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जिन आवेदन पत्रों में निराकरण तत्काल संभव नहीं हैं उनमें निर्धारित समय-सीमा में निराकरण हो। किए गए निराकरण की जानकारी संबंधित आवेदक को भी अनिवार्यत: दी जाए।

योजनाओं में लाभान्वित हितग्राहियों ने सुनाई सफलता की कहानी

मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर शासन की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के तहत लाभान्वित हितग्राहियों ने स्वयं के रोजगार स्थापित करने में शासन की योजनाओं का किस प्रकार लाभ मिला है, उसके बारे में मंच से स्वयं अपनी बात बताई। इस मौके पर मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से किराने की दुकान के लिये 3 लाख रुपए का लोन लेकर गिर्राज रजक ने किस प्रकार अपना रोजगार स्थापित किया, इसके संबंध में उन्होंने विस्तार से जानकारी दी। इसी प्रकार मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से ही 4 लाख 80 हजार रुपए का लोन प्राप्त कर श्याम सिंह ने चूनी पीना की दुकान के माध्यम से न केवल अपना रोजगार स्थापित किया बल्कि गाँव के अन्य लोगों को भी रोजगार मुहैया कराया। विमुक्त घुमंतु स्वरोजगार योजना के माध्यम से पुष्पेंद्र बंजारा ने भी एक लाख रुपए का ऋण प्राप्त कर जनरल स्टोर की दुकान खोली और अपने आपको आत्मनिर्भर बनाया।

पुष्पेन्द्र बंजारा का कहना था कि 11वी कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिये जब अधिकारियों ने उसे स्वरोजगार योजना के बारे में बताया तो उसने एक लाख रुपए का ऋण लिया और आज सफलतापूर्वक अपनी दुकान संचालित कर जीवन यापन कर रहा है। इसी प्रकार नीलेश शाक्य ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर योजना के माध्यम से और राहुल गोड़िया ने टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के माध्यम से ऋण लेकर अपने आपको और अपने परिवार को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सार्थक कार्य किया है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने सभी हितग्राहियों से कहा है कि शासन की योजनाओं और कार्यक्रम जनता के हित के लिये संचालित हैं। जरूरतमंदों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिये ही योजनायें संचालित हैं। सभी सफल हितग्राही अपने गाँव के युवाओं को भी योजनाओं का लाभ लेकर स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिए प्रेरित करें।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान

जन-विश्वास शिविर में कलेक्टर रुचिका चौहान एवं अतिथियों ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का सम्मान भी किया। सभी को प्रशस्ति पत्र देकर बधाई दी। जिन लोगों का सम्मान किया गया, उनमें जिगसोली के विजय सिंह राजपूत जिन्होंने सीबीएसई सुप्रिटेंडेंट केन्द्रीय अधीक्षक के पद के लिये 36वी रैंक प्राप्त की। सुसैरा के मानव राजपूत को नीट क्वालीफाई करने के लिये, सुश्री वंदना राजपूत सुसैरा को हाईस्कूल में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त करने के लिये और कुलैथ के खिल्लोली कुशवाह को उन्नत कृषि के लिये सम्मानित किया गया।

कलेक्टर ने काउण्टर पर जाकर समस्याओं के निराकरण को देखा

कलेक्टर रुचिका चौहान ने जन-विश्वास शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर जाकर निरीक्षण किया। विभागीय अधिकारियों द्वारा आम जनों की समस्याओं के निराकरण के संबंध में जानकारी दी और सभी प्रकार के आवेदन पत्रों का तत्परता से निराकरण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहकारिता  निरीक्षक आनंद कुमार एवं उद्योग विभाग के  सुनील त्रिपाठी को कार्य में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया है कि जन-विश्वास शिविर के दौरान केवल कैम्प में आने वाले हितग्राहियों को ही लाभान्वित नहीं किया जाना है बल्कि गाँव में भ्रमण के दौरान कोई भी पात्र हितग्राही मिलता है तो उसे भी लाभान्वित किया जाए।