अपना शहर

"सांसद का युवाओं से आह्वान": साइबर सुरक्षा, महिला सम्मान और नशा मुक्ति से ही बनेगा विकसित भारत, उन्होंने कहा-युवा शक्ति ही देश का असली भविष्य है

मेरा युवा भारत केंद्र ग्वालियर ने शा. संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बिरलानगर में विकसित भारत युवा संवाद में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत थीम पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम हुआ

ग्वालियर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत केंद्र ग्वालियर द्वारा शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बिरला नगर में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत थीम पर एक विशेष युवा जागरूकता कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद भारत सिंह कुशवाह थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में हॉकी इंडिया के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट तथा एमएमए के वाईस प्रेसिडेंट डीपी सिंह तोमर उपस्थित रहे।

युवा शक्ति ही देश का असली भविष्य : सांसद कुशवाह

ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा आज के डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति युवाओं को अत्यधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने साइबर सुरक्षा और ऑन-लाइन सतर्कता पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने महिला सुरक्षा एवं सम्मान को एक सशक्त समाज की अनिवार्य शर्त बताया। सांसद ने नशा-मुक्त भारत का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए। पीएम नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के गौरवशाली सेवा-काल के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने युवाओं में सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान सेवा मेरा योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जब हमारा युवा इन संवेदनशील मुद्दों के प्रति जागरूक होगा, तभी एक समर्थ भारत का निर्माण संभव है।

वक्ताओं  ने साझा किए विचार: नशा मुक्ति की शपथ दिलाई

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश कुंवर सिंह ने भी युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि देवेंद्र प्रताप सिंह ने युवाओं में खेल भावना और अनुशासन के महत्व को बताते हुए सभी युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों को नशा मुक्त भारत की शपथ सामूहिक रूप से दिलाई। 
इस अवसर पर प्राचार्य सचिन कौरव, प्राचार्य पुष्कर बंसल, जिला रोजगार अधिकारी दिनेश बाथम, तरुण विश्वकर्मा और सुशील उपाध्याय विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में नेशनल यूथ वॉलिंटियर चमन, विक्रम बघेल, विशाल गुर्जर, अनुज शर्मा, रागिनी चौरसिया सहित सभी छात्र- छात्राओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन सफल युवा मंडल के अध्यक्ष अरविंद कुशवाह ने किया।