राजनीति

'सरकार की मंशा है, हर परिवार हो खुशहाल': ऊर्जा मंत्री ने 216 हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ प्रमाण-पत्र, उधर रोशनी -घर में विद्युत वितरण समीक्षा में मंत्री एक्शन मोड में नज़र आए

उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति और सरल, सुगम विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराएं: ऊर्जा मंत्री ने लापरवाह अधिकारियों को सख्त लहजे में आगाह किया

ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अपने कार्यालय पर बड़ी संख्या में हितग्राहियों को राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ प्रमाण पत्र वितरित किए। बीते रोज  रेसकोर्स रोड स्थित सरकारी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हर परिवार और हर जरुरतमंद के चेहरे पर खुशहाली लाना सरकार का संकल्प है। इसकी पूर्ति के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। 

इस मौके पर उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश देते हुए समस्याओं का समाधान निर्धारित समय सीमा में करने की बात कही। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे इसके लिए हर जिला, तहसील स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

इस दिशा में सरकार सतत प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि विकास का यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। शहर के प्रत्येक नागरिक को अच्छी शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराना ही शासन की प्राथमिकता है। ऊर्जा मंत्री तोमर ने आव्हान किया कि हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि अपने जीवन में स्वच्छता को अपनाएंगे और एक नया स्वस्थ, हरा-भरा, नशा मुक्त समाज बनाएंगे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकास की दिशा में यह कदम स्वच्छता, सुरक्षित जल और बेहतर जीवन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा ग्वालियर सांस्कृतिक, औद्योगिक और पर्यटन केन्द्र के रुप में विकसित हो रहा है। बीते कुछ समय में शहरी बुनियादी ढांचे के उन्नयन के साथ- साथ पर्यावरण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा ग्वालियरवासियों को हम सभी से काफी उम्मीदें हैं। शहर में चल रहीं विभिन्न विकास योजनाओं के पूरा होने से न केवल सुविधाएं बढ़ रही हैं, बल्कि ग्वालियर को एक विकसित स्मार्ट सिटी के रूप में पहचान मिल रही है। 

216 हितग्राहियों को हितलाभ प्रमाण पत्र प्रदान किए

इस दौरान ऊर्जा मंत्री तोमर ने 216 हितग्राहियों को राज्य और केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हित लाभ के प्रमाण पत्र प्रदान किए। जिसमें 28 हितग्राहियों को विधवा, वृद्धावस्था तथा विकलांग पेंशन के प्रमाण-पत्र, 86 हितग्राहियों को राशन पात्रता पर्ची, 79 महिलाओं को कामकाजी महिला कार्ड, 23 हितग्राहियों को पीएम आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड शामिल हैं।

उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति और सरल, सुगम विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराएं: समीक्षा बैठक में ऊर्जा मंत्री ने लापरवाह अधिकारियों को सख्त लहजे में आगाह किया 

ग्वालियर में विद्युत वितरण प्रणाली को निर्बाध बनाने तथा विद्युत समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ऊर्जा मंत्री की अध्यक्षता में रोशनी-घर स्थित विद्युत विभाग के कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई। इस मौके पर मप्र मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य अभियंता विनोद कटारे, अधीक्षण अभियंता शहरी संदीप कालरा, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण पाराशर के अलावा समस्त जोन के कार्यपालन अभियंता मौजूद रहे। 
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री तोमर ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए तत्परता के साथ पहल और  लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि हमारा प्रयास है कि प्रत्येक उपभोक्ता को सरल, सुगम एवं बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि नवरात्रि तथा दीपावली पर्व पर उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराना हमारा दायित्व है। इसके लिए जरुरी है कि हम यह सुनिश्चित करें कि ट्रिपिंग की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए मुख्य रूप से ओवरलोडिंग, शॉर्ट सर्किट और अर्थ लीकेज जैसी समस्याओं को रोकना जरूरी है।