क्राइम

अवैध शराब के खिलाफ ग्वालियर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाईः 19 प्रकरण दर्ज, शहर और देहात के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा एवं गुड़ लाहन बरामद किया

बड़ी कार्रवाई में टीम ने हजीरा, तानसेन नगर, गुलमोहर सिटी, मामा का बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा एवं गुड़ लाहन बरामद किया है

गुरुवार को आबकारी टीम ने कार्रवाई में कुल 50.22 बल्क लीटर देशी मदिरा और 5.20 बल्क लीटर बीयर, यानी कुल 55.42 बल्क लीटर मदिरा बरामद की गई, जब्त मदिरा एवं नष्ट किए गए गुड़ लाहन का अनुमानित मूल्य करीब 3 लाख 15 हजार रुपये बताया गया है


ग्वालियर। कलेक्टर रुचिका चौहान के आदेशानुसार तथा आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त जिला ग्वालियर राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। 

इसी क्रम में 8 अक्टूबर को आबकारी विभाग की टीम ने हजीरा, तानसेन नगर, गुलमोहर सिटी, मामा का बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा एवं गुड़ लाहन बरामद किया। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आबकारी दल ने हजीरा लाइन नंबर-1, मामा का बाजार, लाला का बाजार, सेवानगर, गुलमोहर सिटी, पीताम्बरा ढाबा सहित आंतरिक क्षेत्र के ग्राम सोसा, गुसगंवा एवं रणगवां में कार्रवाई की गई। इस दौरान अलग-अलग स्थानों से देशी मदिरा के कुल 133 पाव तथा 8 बोतल बीयर बरामद की गई।

इसी तरह डबरा क्षेत्र के दुबहा-दुबही एवं चटकना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 2,600 किलोग्राम गुड़ लाहन तथा 16.02 बल्क लीटर देशी मदिरा बरामद की गई। वहीं भितरवार क्षेत्र में 10.26 बल्क लीटर देशी मदिरा एवं 300 किलोग्राम गुड़ लाहन बरामद हुआ। मौके पर गुड़ लाहन के नमूने लिए गए तथा शेष गुड़ लाहन को फैलाकर नष्ट किया गया।

 कार्रवाई में जब्त कुल मदिरा एवं नष्ट गुड़-लाहन करीब ₹ 3.15 लाख का है

इस कार्रवाई में कुल 50.22 बल्क लीटर देशी मदिरा तथा 5.20 बल्क लीटर बीयर, यानी कुल 55.42 बल्क लीटर मदिरा बरामद की गई। जब्त मदिरा एवं नष्ट किए गए गुड़ लाहन का अनुमानित मूल्य करीब 3 लाख 15 हजार रुपये बताया गया है। आबकारी विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 19 प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं। कार्रवाई ग्वालियर कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में सहायक जिला आबकारी अधिकारियों, आबकारी उप निरीक्षकों, मुख्य आरक्षकों, आरक्षकों एवं अन्य आबकारी स्टाफ की टीम द्वारा की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर ऐसी ही जारी रहेगी।रहेगी।