टॉप न्यूज़

अत्यधिक बारिश के चलते मुरैना जिले में 7 सितम्बर को स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में अवकाश: 07 सितम्बर की त्रैमासिक परीक्षा स्थगित, अब 16 सितम्बर को होगी परीक्षा

यह अवकाश नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों तथा विद्यालयीन स्टाफ के लिए लागू रहेगा, मुरैना जिले में हो रही अत्यधिक वर्षा, नदी-नालों के उफान पर होने के साथ ही आवागमन में उत्पन्न कठिनाइयों को देखते हुए लिया फैसला

मुरैना जिले में हो रही अत्यधिक वर्षा, नदी-नालों के उफान पर होने तथा आवागमन में उत्पन्न कठिनाइयों को देखते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा के मद्देनजर कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश पर 7 सितम्बर 2026 को जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों में अवकाश घोषित किया गया है।

यह अवकाश नर्सरी से कक्षा 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों तथा विद्यालयीन स्टाफ के लिए लागू रहेगा।

7 सितम्बर की त्रैमासिक परीक्षा अब 16 सितम्बर को

अपर संचालक, लोक शिक्षण, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 की त्रैमासिक परीक्षाएं 7 से 17 सितम्बर 2026 तक आयोजित की जा रही हैं। स्थानीय अवकाश की स्थिति में उस दिवस की परीक्षा निर्धारित परीक्षा अवधि के दौरान अन्य दिवस में आयोजित किए जाने के निर्देश हैं।

इसी क्रम में 7 सितम्बर को निर्धारित त्रैमासिक परीक्षा स्थगित कर अब 16 सितम्बर 2026 को आयोजित की जाएगी।

जिला शिक्षा अधिकारी ने समस्त प्राचार्य एवं प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि आदेशानुसार आवश्यक कार्यवाही करते हुए विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालयीन स्टाफ को अवकाश एवं परीक्षा की संशोधित तिथि की सूचना देना सुनिश्चित करें।