टॉप न्यूज़

सागर त्रासदी के बाद जागा आबकारी अमला ;अवैध जहरीली शराब के खिलाफ का बड़ा एक्शन ; हाईवे पर स्थित महाकाल ढाबे पर छापा, 2300 लीटर स्प्रिट और अवैध शराब के साथ तीन गिरफ्तार, 50 लाख की सामग्री जब्त

छापामार कार्रवाई में ढाबे पर छिपाकर रखे 12 प्लास्टिक ड्रमों से स्प्रिट (इथेनोल O.P.) बरामद की, मौके से किंगफिशर, लेमाउंट, बोल्ट और पावर ब्रांड की बीयर के साथ देशी मदिरा के कई पाव सहित कुल 61.32 बल्क लीटर वैध-अवैध मदिरा भी जब्त की

ग्वालियर। सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद जिले में भी अवैध शराब के विनिर्माण, विक्रय तथा परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने अवैध जहरीली शराब के खिलाफ  बड़ा एक्शन लिया है। विभाग ने विशेष अभियान चलाकर संयुक्त टीम ने बीती देर रात मोहना हाईवे पर स्थित महाकाल ढाबे पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। 

बता दें लगभग एक साल पहले भी इसी स्थान पर अवैध शराब की फैक्ट्री पकड़ी गई थी, इसके बावजूद विभागीय अमले की अनदेखी के चलते यहां दोबारा अवैध कारोबार शुरू कर दिया गया। ग्वालियर-शिवपुरी हाईवे स्थित महाकाल पंडित ढाबे पर छापामारी के दौरान यह अवैध कारोबार हाईवे पर ढाबे के पास स्थित दो कमरों वाले एक घर से चलाया जा रहा था। दबिश में आबकारी अधिकारियों ने 2,600 लीटर OP (इथेनॉल), 63 बल्क लीटर अवैध शराब, पेट्रोल के 20 ड्रम और ज्वलनशील थिनर के 18 ड्रम जब्त किए हैं।

  सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इस​ कार्रवाई के दौरान ढाबे पर छिपाकर रखे गए 12 प्लास्टिक के ड्रमों से लगभग 2300 लीटर स्प्रिट (इथेनोल O.P.) बरामद की गई, जो प्रथम दृष्टया जांच में मानव सेवन के लिए अनुपयुक्त पाई गई है। इसके अलावा मौके से किंगफिशर, लेमाउंट, बोल्ट और पावर ब्रांड की बीयर के साथ-साथ देशी मदिरा (मसाला और प्लेन) के कई पाव सहित कुल 61.32 बल्क लीटर वैध-अवैध मदिरा भी जब्त की गई। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस जप्त स्प्रिट से करीब 32 लाख रुपये मूल्य की अवैध और अमानक शराब बनाई जा सकती थी। जब्त की गई स्प्रिट, मदिरा और अन्य सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये है।

​तीन आरोपी गिरफ्तार

मौके से पुलिस ने तीन आरोपियोंअनिल शर्मा निवासी मोहना, सौरभ गुर्जर निवासी करहाल, श्योपुर और अरवाज़ खान निवासी मोहना, जिला ग्वालियर को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1), 34(2) और 49-क के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

पेट्रोल में मिलावट का अंदेशा

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों द्वारा जब्त स्प्रिट का उपयोग पेट्रोल में मिलाने के लिए किया जा रहा था। मौके पर भारी मात्रा में ड्रमों में भरे हुए पेट्रोल और थिनर भी पाए गए हैं, जिस पर पृथक से कार्रवाई के लिए मामला अनुविभागीय अधिकारी पुलिस और थाना प्रभारी घाटीगांव को सौंप दिया है।

इन ​अधिकारियों की टीम का विशेष योगदान

इस पूरी छापामार कार्रवाई को ग्वालियर कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश तिवारी के निर्देशन में अंजाम दिया गया। इसमें सहायक जिला आबकारी अधिकारी मोनिका पाठक, सुरेंद्र सिंह राठौर (संभागीय उड़नदस्ता), आबकारी उप-निरीक्षक हरेंद्र सिंह मावई, शिवा रघुवंशी, सुरेश पराशर तथा आरक्षक रवि बघेल, सूर्यभान सिंह, सुनील सिंह, बृजेश नागर, आरक्षक राहुल त्यागी, मातादीन धाकड़, राघवेन्द्र भदौरिया, अमन राजावत, देवेश शर्मा, निधि पंथ , राधा चौहान सहित अन्य स्टाफ की अहम भूमिका रही।


उधर "शिवपुरी जिले में भी छापामार कार्रवाई जारी: अवैधअवैध शराब भंडारण, परिवहन के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई: पिछोर में 2000 लीटर लहान नष्ट, 510 लीटर शराब जब्त

जिला प्रशासन के संयुक्त दल द्वारा पिछोर क्षेत्र के ग्राम सालौरा एवं करारखेड़ा में संचालित अवैध शराब के ठिकानों पर योजनाबद्ध तरीके से छापामार कार्रवाई की गई है

ग्वालियर। शिवपुरी कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा  के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए राजस्व, पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक स्तर पर छापामार कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त दल द्वारा पिछोर क्षेत्र के ग्राम सालौरा एवं करारखेड़ा में संचालित अवैध शराब के ठिकानों पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी गई।  

​इस कार्रवाई के दौरान अवैध मदिरा निर्माण में प्रयुक्त लगभग 2000 लीटर लहान को मौके पर ही विधिवत विनष्ट कराया गया तथा ₹51,500 मूल्य की 510 लीटर हाथ भट्टी निर्मित अवैध कच्ची शराब जब्त की गई है। मामले में संलिप्त अभियुक्त रोहित उर्फ भूरा लोधी एवं हरेन्द्र चौहान के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।  

​इस संयुक्त कार्रवाई में एसडीएम पिछोर ममता शाक्य, तहसीलदार पिछोर शिवशंकर गुर्जर, आबकारी विभाग के उप-निरीक्षक विनीत शर्मा, राहुल गुप्ता सहित थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह, उप निरीक्षक रामकिशोर जोशी, कमल सिंह बंजारा सहित अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे।