अपना शहर

"जीआईएस योजना प्रणाली"; एक क्लिक में खुलेगी निगम की सम्पत्तियां: पोर्टल पर अपलोड होगा निगम का डाटा,इसके साथ ही निगम के विकासात्मक परियोजनाओं की मैपिंग की जाएगी

नगर निगम की अपील समिति के सदस्य के निर्वाचन के लिए महापौर व पार्षदों का सम्मेलन 10 जुलाई को, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन की समय-सारिणी जारी की

ग्वालियर।  नगर निगम के सभी विभागों की संपत्तियों का डाटा जीआईएस योजना के अंतर्गत पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। इस डाटा में सभी संपत्तियों का अक्षांश एवं देशांतर की जानकारी रहेगी। इसके साथ ही निगम के विकासात्मक परियोजनाओं की मैपिंग की जाएगी।

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने आदेश जारी किया है, इसके तहत सम्पत्तियों के डाटा को पोर्टल पर अपलोड करने का कार्य अपर आयुक्त टी प्रतीक राव की निर्देशन में सम्पन्न होगा। साथ ही इस कार्य के लिए अंकुर तोमर नोडल अधिकारी कम्प्यूटर शाखा को वर्तमान कार्य के साथ सहायक नोडल अधिकारी जीआईएस योजना प्रणाली परियोजना एवं जलज पाराशर जीआईएस विशेषज्ञ को प्रभारी अधिकारी का दायित्व सौंपा है।

नगर निगम की अपील समिति सदस्य के निर्वाचन के लिए महापौर व पार्षदों का सम्मेलन 10 जुलाई को, निर्वाचन की समय-सारिणी जारी

नगर निगम ग्वालियर की अपील समिति के एक अनारक्षित सदस्य का निर्वाचन 10 जुलाई को होगा। निर्वाचन के लिये महापौर व पार्षदों का सम्मेलन इस दिन जल विहार फूलबाग स्थित नगर निगम परिषद कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 403 की उपधारा (4) के तहत निर्वाचन की प्रक्रिया संपादित होगी।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन)  रुचिका चौहान द्वारा जारी सूचना के अनुसार निर्वाचन की कार्यवाही 10 जुलाई को अपराह्न 2:30 बजे प्रारंभ होगी। नाम निर्देशन पत्र अपराह्न 3:00 बजे से 3:30 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसके बाद 3:30 बजे से 3:45 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी। अभ्यर्थिता वापसी का समय शाम 4:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। यदि आवश्यक हुआ तो मतदान अपराह्न 4:00 बजे से 4:45 बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।

निर्वाचन संबंधी समस्त कार्यवाही नगर निगम परिषद कार्यालय, जल विहार (फूलबाग), ग्वालियर में संपन्न होगी। इसके लिए नगर निगम ग्वालियर के निर्वाचित महापौर एवं सभी पार्षदों को निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित रहने के लिए आमंत्रित किया गया है।है।